शासकीय भूमि पर रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने कर लिया कब्जा

  • पिशनहारी मढिय़ा पुलिस क्वार्टर का मामला, सेवानिवृत्ति के बाद भी क्वार्टर में जमा हुआ है रिटायर्ड पुलिस कर्मी

जबलपुर। वैसे तो अवैध निर्माण और शासकीय भूमियों पर होने वाले अवैध कब्जों को हटाने पुलिस-प्रशासन द्वारा निरंतर कार्यवाही की जाती है। लेकिन जब पुलिस विभाग का कर्मचारी ही शासकीय भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण तान ले तो फिर कोई क्या कर लेगा। ऐसा ही एक मामला गढ़ा थाना अंतर्गत पिशनहारी मढिय़ा पुलिस क्वार्टर क्षेत्र में देखने को मिला। जहां सेवानिवृत्त होने के बाद भी एक पुलिसकर्मी सालों से पुलिस क्वार्टर में कब्जा किए हुए है। वहीं उक्त रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने पास ही खाली पड़ी शासकीय भूमि पर भी कब्जा कर अवैध निर्माण कर लिया। क्षेत्रीयजनों का आरोप है कि गढ़ा थाना पुलिस के संरक्षण में रिटायर्ड पुलिसकर्मी कब्जा किए हुए है और ठेले टपरे वालों से अवैध वसूली भी कर रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि थाना पुलिस को मामले की जानकारी होने के बाद भी न तो वैधानिक कार्यवाही की गई न ही आला अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।

क्या है मामला
जानकारी अनुसार रिटायर्ड पुलिसकर्मी किशोर कुमार तिवारी को सेवा के दौरान पिशनहारी मढिय़ा स्थित पुलिस क्वार्टर में रहवास मिला था। लगभग 4 साल पहले किशोर कुमार तिवारी पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो गए। इसके बाद भी अभी तक उन्होंने पुलिस क्वार्टर को खाली नहीं किया। इतना ही नहीं रिटायर्ड पुलिसकर्मी किशोर कुमार तिवारी ने पुलिस रसूख का फायदा उठाते हुए पुलिस की खाली पड़ी शासकीय भूमि पर भी कब्जा कर अवैध निर्माण कर लिया है। और धडल्ले से उक्त शासकीय भूमि का इस्तेमाल कर रहा है। बताया जा रहा है कि किशोर कुमार तिवारी द्वारा अवैध निर्माण के सामने ठेले टपरे लगाकर जीवन यापन करने वाले मजदूर वर्ग के लोगों से प्रतिदिन रूपयों की वसूली भी की जाती है।

देर तक चला हंगामा
बताया जा रहा है कि बीती शाम रिटायर्ड पुलिसकर्मी किशोर कुमार तिवारी ने ठेले टपरे वालों से मनमाफिक पैसे न देने पर उनको वहां से भगाना शुरु कर दिया। जिसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। लोगों की सूचना पर मोक्ष संस्था के संचालक आशीष ठाकुर भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। इस दौरान थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और अवैध कब्जा करने वाले रिटायर्ड पुलिसकर्मी का ही पक्ष लेने लगी। बताया जा रहा है किशोर कुमार तिवारी द्वारा ठेले टपरे वालों से उसके अवैध कब्जे के सामने दुकान लगाने के एवज में 100 से 200 रूपये प्रतिदिन मांगे जाते हैं।

नहीं है कोई दस्तावेज
हंगामे के दौरान जब रिटायर्ड पुलिसकर्मी किशोर कुमार तिवारी से शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण के संबंध में दस्तावेजों के बारे में पूछा तो रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने साफ कह दिया कि उसके पास कोई दस्तावेज नहीं है। इतना ही नहीं वह कहने लगा कि सिर्फ अकेले उसने ही शासकीय भूमि पर कब्जा नहीं किया है, शहर भर में ऐसे कई अवैध निर्माण किए हुए हैं।

आपके द्वारा मामले की जानकारी दी गई है। मामले की जांच कराकर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वहीं अगर शासकीय भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण किया गया है तो अवैध निर्माण को भी हटाया जाएगा।
तुषारकांत विद्यार्थी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

Leave a Comment