img-fluid

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने बनाया ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’

November 12, 2026


लखनऊ । असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद (Asaduddin Owaisi and Chandrashekhar Azad) ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया (Have formed Samajik Parivartan Morcha) ।

  • उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने अपने नए गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने इसकी घोषणा की। गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह मोर्चा 2027 में उत्तर प्रदेश की सत्ता में बदलाव लाने का काम करेगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए विपक्षी दलों के बीच बड़े गठबंधन की जरूरत बताई। साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी इस मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया।

    चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा कोई तीसरा मोर्चा नहीं है, बल्कि समाज में बदलाव लाने के उद्देश्य से बनाया गया गठबंधन है। उन्होंने कहा कि यह मोर्चा आने वाले समय में और मजबूत होगा तथा वंचित, शोषित, पीड़ित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के लोगों को एकजुट करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया गया और बहुजन महापुरुषों के नाम पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलती। उनके मुताबिक, प्रदेश में मूर्तियां तोड़े जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि लंबे समय से वंचित समुदायों को गरीबी, जातिगत हिंसा और अत्याचार से मुक्ति दिलाने के वादे किए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। सरकारें बदलती रहीं और घोषणाएं होती रहीं, लेकिन बहुजन समाज आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।

    चंद्रशेखर आजाद ने बीजेपी को चुनाव में हराने के लिए विपक्षी दलों के एकजुट होने की जरूरत बताई। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने की अपील की। उनका कहना था कि विपक्षी दलों के बीच एक बड़ा गठबंधन बनता तो बीजेपी के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ी जा सकती थी, लेकिन कुछ नेताओं के अहंकार के कारण ऐसा नहीं हो पाया। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि किसी को भी राष्ट्रभक्ति का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि देश और सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही है।

    एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन को लेकर कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दबे-कुचले वर्गों के लोगों को अब तक केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया है। ओवैसी ने प्रदेश में बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य को लेकर पर्याप्त काम नहीं किया है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा बनाने की बात भी कही। गठबंधन की ओर से 26 नवंबर को एक बैठक आयोजित करने की जानकारी दी गई है। ओवैसी ने कहा कि उनका उद्देश्य उत्तर प्रदेश की जनता के साथ मिलकर इंसाफ की लड़ाई को आगे बढ़ाना और भविष्य की राजनीति करना है।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी टिप्पणी की। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उन्हें फिलहाल अस्पताल में अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। इसके साथ ही ओवैसी ने बीजेपी नेताओं से जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शहीद हुए दो जवानों के बारे में बात करने की अपील की ।

    उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के साथ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति के संकेत दे दिए हैं। अब देखना होगा कि इस गठबंधन को प्रदेश में कितना जनसमर्थन मिलता है और सपा-कांग्रेस की ओर से इसमें शामिल होने के न्योते पर क्या प्रतिक्रिया आती है।

    Share:

  • शाहरुख खान की ‘किंग’ में दिखेंगे 20 सितारे, इन 5 किरदारों पर टिकीं सबकी नजरें

    Thu Nov 12 , 2026
    मुंबई। इस साल कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी हैं। अब बारी है कुछ और मेगा बजट फिल्मों की, जिनमें शाहरुख खान की KING शामिल है। इस पिक्चर से सुपरस्टार लंबे वक्त के बाद वापसी करने वाले हैं। इससे पहले उनकी 2023 में तीन बड़ी फिल्में आई थी। जहां ‘पठान’ ने 1000 करोड़ […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved