
चंडीगढ़ । भाजपा नेता सुनील जाखड़ (BJP leader Sunil Jakhad) ने कहा कि पंजाब सरकार (Punjab Government) समय पर किसानों को उर्वरक बांटने में नाकाम रही (Failed to distribute Fertilizers to Farmers on Time) ।
पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी (आप) की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पंजाब की भगवंत मान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और किसानों के शोषण की बात भी कही है। सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “किसानों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से धन्यवाद। उनके नेतृत्व में, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा ने यह सुनिश्चित किया है कि पश्चिम एशिया में संकट के बावजूद किसानों को डीएपी उर्वरक का एक बैग 1,350 रुपए में मिलता रहे।”
उन्होंने लिखा, “मोदी सरकार 100 रुपए प्रति किलो डीएपी खरीद रही है और किसानों को 27 रुपए प्रति किलो पर उपलब्ध करा रही है। इसे मुमकिन बनाने के लिए, सरकार ने पिछले साल की तुलना में सब्सिडी में 64 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। रबी सीजन के दौरान, यह अकेले फॉस्फेटिक और पोटासिक फर्टिलाइजर के लिए 62,370 करोड़ रुपए की सब्सिडी दे रही है। यूरिया के लिए सब्सिडी अलग है।”
सुनील जाखड़ ने लिखा, “इस बीच, पंजाब में अक्टूबर में ही फर्टिलाइजर का स्टॉक आ गया था, लेकिन भगवंत मान सरकार उसे समय पर किसानों को बांटने में नाकाम रही। नतीजतन, किसानों का शोषण हुआ। इसी तरह, भारत सरकार के धान खरीदने के लिए पूरी कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) जारी करने के बावजूद, पंजाब सरकार किसानों का धान खरीदने में नाकाम रही है, जिससे वे मंडियों में फंसे हुए हैं।” उन्होंने लिखा, “किसान ऐसी सरकार से क्या उम्मीद कर सकते हैं, जिसे बने हुए चार साल और नौ महीने हो गए हैं और अभी भी खेती की पॉलिसी बनानी है? इसे लागू करना तो दूर की बात है।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved