
चंडीगढ़ । केजरीवाल को धमकी वाला कॉल (Threatening call made to Kejriwal) पुलिस जांच में फर्जी पाया गया (Was found to be Fake during Police Investigation) ।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में धमकी वाला कॉल फर्जी पाया गया है। इस मामले में तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरा फोन और व्हाट्सऐप मैसेज भेजा गया था। विधायक ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये दिलाने की धमकी दी। पैसे न देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई थी, वहीं पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, आईपी लॉग और लोकेशन की जांच कर रही थी। विधायक ने केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की थी। पुलिस जांच के दौरान धमकी वाला कॉल फर्जी पाया गया। कॉल करने वाला आदमी रोहतक का बताया जा रहा है।
सूत्र के मुताबिक, कॉल करने वाला किसी राजनीतिक पार्टी का कार्यकर्ता है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आखिर फर्जी कॉल क्यों किया गया और इसके पीछे क्या मकसद था। इस पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी का कहना है कि पंजाब को बदनाम करने की साजिश है। पार्टी का आरोप है कि इस तरह के फर्जी कॉल के जरिए पंजाब की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved