
उज्जैन। नानाखेड़ा बस स्टैंड पर चार-पाँच लोगों ने मिलकर बस कंडक्टर को बुरी तरह से पीटा और उसे चाकू मारकर गंभीर घायल कर दिया। आरोपियों ने बस का किराया कम करने की बात का दबाव उस पर बनाया था और मना करने पर अपने साथियों को बुलाकर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने लालगेट के पास कार चालक पर भी हमला किया और भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव ने बताया कि ओमप्रकाश पिता नारायण पडि़हार निवासी ढाबला हरदू बस पर कंडक्टरी करता है और कल रात नानाखेड़ा बस स्टैंड पर वह इंदौर जा रही बस में यात्रियों को बैठा रहा था। इस दौरान उसकी बस में यश मंडवाल अपने दोस्त के साथ सवार हुआ और ओमप्रकाश से इंदौर का बस किराया पूछा। ओमप्रकाश ने इंदौर का किराया 75 रुपए बताया तो आरोपी ने कहा कि 50 रुपए में लेकर चलना पड़ेगा। इस पर कंडक्टर ने मना किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फोन लगाकर अपने अन्य साथियों को वहाँ बुलाया और कंडक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान यश ने चाकू से ओमप्रकाश पर हमला किया जिससे उसका कान जख्मी हो गया। ओमप्रकाश पर हमला करने के बाद आरोपी वहाँ से भागे और लालगेट पर जा पहुंचे। यहाँ से कार लेकर जा रहे चित्तौडग़ढ़ निवासी अनिल कुमार मेघवाल से अपना वाहन टकरा कर विवाद शुरू कर दिया और उसे कार से निकालकर बुरी तरह से पीटा और फरार हो गए। आरोपियों ने इस दौरान कार के काँच फोड़े और पीछे आए एक ट्रक में भी तोडफ़ोड़ की। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर नानाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर आई और घायलों को अस्पताल लेकर आई। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपी यश और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved