
डेस्क: केरल के कालड़ी स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय में 16 स्टूडेंट्स के निलंबन का मामला एक बार फिर चर्चा में है. हाईकोर्ट की एकल पीठ ने सोमवार को विश्वविद्यालय के उन आदेशों को रद्द कर दिया था, जिनके तहत छात्रों को निलंबित किया गया था. अब विश्वविद्यालय ने इस फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में अपील दायर की है. विश्वविद्यालय का कहना है कि अदालत के आदेश से संस्थान की डिसिप्लिनरी एक्शन करने की कानूनी शक्ति प्रभावित होती है. इन स्टूडेंट्स पर अगस्त में हुए एक प्रदर्शन के दौरान कुलपति के साथ कथित मारपीट और विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप है.
श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय ने मंगलवार को केरल हाईकोर्ट में अपील दाखिल की. विश्वविद्यालय ने न्यायमूर्ति पी. वी. कुन्हीकृष्णन की एकल पीठ के 23 नवंबर के आदेश को चुनौती दी है. इस आदेश में 16 छात्रों का निलंबन रद्द करने के साथ अनुशासन समिति के गठन, उसकी जांच रिपोर्ट और विश्वविद्यालय की ओर से की गई समीक्षा से जुड़े आदेश भी निरस्त कर दिए गए थे. अदालत ने विश्वविद्यालय को स्टूडेट्स के लिए अलग से परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया था. साथ ही कहा था कि संस्थान चाहे तो नए सिरे से जांच कर सकता है, लेकिन जांच पूरी होने तक छात्रों को निलंबित नहीं रखा जा सकता.
अधिवक्ता शिल्पा श्रीकुमार के माध्यम से दायर अपील में विश्वविद्यालय ने कहा कि अदालत का फैसला उसकी डिसिप्लिनरी शक्तियों को सीमित करता है. विश्वविद्यालय के मुताबिक, छात्रों की याचिका सीधे हाईकोर्ट में सुनवाई योग्य नहीं थी. यूजीसी के 2023 के नियमों के तहत छात्रों के पास शिकायत निवारण समिति (SGRC) और लोकपाल के पास जाने का विकल्प मौजूद था. विश्वविद्यालय ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक छात्रों को निलंबित रखना सजा नहीं माना जा सकता. उसकी कार्रवाई छात्रों की असहमति या विरोध के खिलाफ नहीं, बल्कि कथित हिंसक गतिविधियों के खिलाफ थी. उसने हाईकोर्ट से अपने आदेश को रद्द करने और छात्रों की याचिकाएं खारिज करने की मांग की है.
यह पूरा विवाद 13 अगस्त को सिंडिकेट की बैठक के दौरान हुए प्रदर्शन से शुरू हुआ था. स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के नेतृत्व में छात्रों ने परिसर में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन किया था. इसके बाद विश्वविद्यालय ने छात्रों को निलंबित कर दिया था. कुछ छात्रों को परीक्षाओं में बैठने से भी रोक दिया गया था. छात्रों ने इस कार्रवाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी.
शुरुआत में हाईकोर्ट की एकल पीठ ने छात्रों को परीक्षा देने की अनुमति दी थी, लेकिन विश्वविद्यालय की अपील पर खंडपीठ ने इस आदेश पर रोक लगा दी. इसके बाद छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट की एकल पीठ को मामले पर दोबारा विचार करने का निर्देश दिया था. वहीं, निलंबन रद्द होने के फैसले के बाद परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया था. अब विश्वविद्यालय की नई अपील के बाद इस मामले में आगे की कानूनी सुनवाई अहम होगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved