
भोपाल में आज सबसे ज्यादा 246 मरीज मिले
पूरे प्रदेश में अब तक 29 हजार 463 लोक संक्रमित हुए
भोपाल। प्रदेश के कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। आज आई जांच रिपोर्ट में मप्र सरकार के तीसरे मंत्री रामखिलावन पटेल भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। साथ में उनके वाहन चालक भी पॉजिटिव मिला है। इससे पहले मंगलवार शाम को आई रिपोर्ट में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट एवं उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव निकले। आज भोपाल में कोरोना काल के सबसे ज्यादा संक्रमित 246 मरीज मिले हैं। इन मरीजों को मिलाकर राजधानी में कुल संक्रमितों को आंकड़ा 6398 पर पहुंच गया है। वहीं कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 163 पर पहुंच गया है। राजधानी भोपाल में आज मिले मरीजों को मिलाकर प्रदेश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 29 हजार 463 पर पहुंच गया है। पूरे प्रदेश में चार महीने में 830 लोगों की मौत हो चुकी है।
शिवराज मंत्रिमंडल में सबसे पहले सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कोरोना की चपेट में आ गए। वे दोनों राजधानी के चिरायु अस्पताल में अपना उपचार करा रहे हैं। जहां उनकी हालत बेहतर है। मंगलवार शाम को आई रिपोर्ट में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी भी पॉजिटिव निकले। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन उन्होंने खुद को होम क्वारेंटाइन में रखा है। सरकार के मंत्री एवं भाजपा नेताओं के लगातार कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद शिवराज मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने खुद को होम क्वारेंटाइन में कर लिया है। साथ ही उनके संपर्क में आए भाजपा नेता और कार्यकर्ता ने भी सामाजिक दूरी बना ली है।
पार्टी ने लगाई नेताओं के दौरे पर रोक
मंत्री एवं भाजपा नेताओं के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मप्र भाजपा ने सभी पार्टी नेताओं को क्षेत्रीय दौरे नहीं करने की सलाह दी है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां उपचुनाव होना है, वहां मंत्री एवं पूर्व विधायकों से भी राजनीतिक कार्यक्रम नहीं करने को कहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपील की है कि जो नेता एवं कार्यकर्ता कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए हैं, वे क्वारेंटाइम में जांए और लक्षण आने पर तत्काल जांच कराएं।
डॉ. गोयनका के घर में आज 9वां संक्रमित
राजधानी में कोरोना संक्रमितों का उपचार कर रहे निजी अस्पताल चिरायु के संचालक डॉ. अजय गोयनका के परिवार में आज 9 वां व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। अभी तक उनके माता-पिता, बहू-बेटा, दूसरा बेटा, बेटी, एक कर्मचारी, दो माता-पिता की सेवा में लगे कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। सभी का इलाज चिरायु अस्पताल में ही चल रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण से ऋषी नगर चार ईमली में छह लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी तरह कृष्णा नगर कॉलोनी करोंद में चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अरेरा कॉलोनी में रहने वाले एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित पाए गए है। लहारपुर में भी तीन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इसके अलावा गांधी मेडिकल कॉलेज, बीएमएचआरसी, प्रोफेसर कॉलोनी, में भी एक-एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े हॉट स्पॉट जहांगीराबाद में फिर से दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान 4 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved