खेल देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

भोपाल: खेलो इंडिया वूमेन हॉकी लीग में मप्र अकादमी का विजय अभियान जारी, चार मैच में किए 21 गोल

भोपाल। नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में 15 से 21 दिसम्बर, 2021 तक खेली जा रही खेलो इंडिया वूमेन हॉकी लीग (अंडर-21) (Khelo India Women’s Hockey League (U-21)) में मध्यप्रदेश राज्य हॉकी अकादमी (Madhya Pradesh State Hockey Academy) की खिलाड़ियों ने अब तक खेले गए चार मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 21 गोल कर ग्रुप बी में पहला स्थान बरकरार रखा है।

प्रतियोगिता में शनिवार को मप्र हॉकी अकादमी का मुकाबला स्पोर्ट्स होस्टल, भुवनेश्वर से हुआ, जिसमें मप्र हॉकी अकादमी ने 2-1 से जीत हासिल की। इस मुकाबले के पहले व दूसरे हॉफ में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। तीसरे हॉफ के 33वें मिनट में स्पोर्ट्स होस्टल, भुवनेश्वर की खिलाड़ी नेहा लाकरा ने पेनॉल्टी स्ट्रोक से गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसी हॉफ के 35वें मिनट में मप्र अकादमी की खिलाड़ी योगिता बोरा ने पेनॉल्टी कार्नर को गोल में बदल कर अपनी टीम को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। मैच के चौथे हॉफ में मप्र अकादमी की खिलाड़ी भूमिक्षा साहू ने 56वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-1 से विजय दिलायी।

इससे पहले महिला हॉकी अकादमी का पहला मुकाबला बुधवार, 15 दिसम्बर को प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी सोनीपत से 2-2 की बराबरी पर रहा। खेल के पहले हॉफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। दूसरे हॉफ में मप्र हॉकी अकादमी की खिलाड़ी साधना सेंगर ने 26वें मिनट में एक फील्ड गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। तीसरे हॉफ में प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी की खिलाड़ी दिशा ने 32वें मिनट में एक फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। मैच के 38वें मिनट में प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी की खिलाड़ी तमन्ना यादव ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-2 से बढ़त दिलायी। चौथे हॉफ के 58वें मिनट में मप्र अकादमी की खिलाड़ी नीरज राणा ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 2-2 की बराबरी पर ला दिया।

प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला गुरुवार, 16 दिसम्बर को जय भारत हॉकी अकादमी से हुआ। जिसमें मप्र हॉकी अकादमी ने एकतरफा जीत दर्ज कर 8-0 से जय भारत हॉकी अकादमी को हराया। मैच के (3, 19, 43) मिनट में मप्र. हॉकी अकादमी की खिलाड़ी साधना सेंगर ने तीन फील्ड गोल किए। अकादमी की खिलाड़ी नीरज राणा ने (18, 37) मिनट में एक फील्ड और एक पेनॉल्टी कार्नर से गोल किए। 30वें मिनट में कंचन निधि केरकेट्टा ने पेनाल्टी कार्नर से एक गोल किया। 34वें मिनट में प्रियंका परिहार ने पेनॉटी कार्नर से गोल किया। अकादमी की खिलाड़ी सीमा वर्मा ने मैच के 59वें मिनिट में एक गोल किया।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार, 17 दिसम्बर को मप्र हॉकी अकादमी का मुकाबला दिल्ली हॉकी से हुआ, जिसमें मप्र अकादमी की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली हॉकी को 9-1 से परास्त किया। अकादमी की खिलाड़ी साधना सेंगर ने मैच के 38वें एवं 46वें मिनट में दो गोल किए। नीरज राणा ने मैच के 19वें और 47वें मिनट में दो गोल किए। भूमि साहू 10वें, कंचन निधि केरकेट्टा 57वें, योगिता वर्मा 41वें, स्वाति 24वें और सीमा वर्मा ने 17वें मिनट में एक-एक गोल किए। दिल्ली हॉकी की ओर से एकमात्र गोल शुभम ने 43वें मिनट में किया। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

कोरोना से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं रहे चाक-चौबंदः शिवराज

Sun Dec 19 , 2021
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि कोरोना के केस बढ़ने से रोकने के लिए और बेहतर उपाय किये जाएं। ओमिक्रोन के केस मध्यप्रदेश में अभी नहीं हैं, लेकिन अन्य राज्यों की स्थिति देखते हुए प्रदेश में कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने की पूरी तैयारी रखें, जिससे […]