
नई दिल्ली। क्रिकेट (Cricket)की दुनिया में सचिन तेंदुलकर(Sachin Tendulkar’s) के नाम कई ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं जिन्हें तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ी चुनौती है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट(International Cricket) में 100 शतक लगाने वाले सचिन को दुनिया महान बल्लेबाजों में गिनती है। लेकिन उनके करियर की सबसे यादगार पारियों में एक ऐसी पारी भी शामिल है जिसमें उन्होंने शतक नहीं बल्कि सिर्फ 57 रन बनाए थे। खुद सचिन तेंदुलकर ने इस पारी को अपने करियर की निर्णायक पारी बताया है। यह पारी उन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ सियालकोट टेस्ट की दूसरी पारी में खेली थी। सचिन के मुताबिक इस पारी ने भारतीय टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकालकर सीरीज बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
सचिन तेंदुलकर ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के शरद पवार संग्रहालय में उनके करियर से जुड़ा बैटोग्राफी खंड शुरू होने के मौके पर यह किस्सा साझा किया। इस खंड में उनके करियर के अलग-अलग दौर के 25 बल्ले प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें वह पहला बल्ला भी शामिल है जो उनकी बड़ी बहन सविता ने उन्हें उपहार में दिया था। इसके अलावा उस बल्ले को भी जगह मिली है जिससे उन्होंने 2012 में अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया था।
सचिन ने बताया कि पाकिस्तान दौरे के दौरान पेशावर में खेला जाने वाला पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। दर्शकों को निराश होकर वापस भेजने के बजाय आयोजकों ने प्रदर्शनी मैच कराने का फैसला किया। इस मुकाबले में सचिन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के स्पिनर मुश्ताक अहमद और महान लेग स्पिनर अब्दुल कादिर के खिलाफ शानदार शॉट लगाए। सचिन ने बताया कि मुश्ताक की गेंदों पर उन्होंने दो छक्के लगाए थे। इसके बाद अब्दुल कादिर गेंदबाजी करने आए और उन्होंने युवा सचिन को चुनौती दी कि वह उनके खिलाफ भी बड़े शॉट लगाकर दिखाएं।
सचिन ने इस मुकाबले में 18 गेंदों में 53 रन बनाए थे। इस पारी के बाद उनकी बल्लेबाजी की चर्चा होने लगी और दर्शकों ने उनके आक्रामक अंदाज को खूब पसंद किया। हालांकि सचिन का कहना है कि पाकिस्तान दौरे की असली अहमियत उनके लिए सियालकोट टेस्ट में खेली गई 57 रन की पारी की थी। उस समय भारतीय टीम बेहद मुश्किल स्थिति में थी और दूसरी पारी में उसका स्कोर चार विकेट पर 34 रन हो गया था। ऐसे समय में सचिन ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की और 134 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए। उनकी इस पारी ने भारत को मैच ड्रॉ कराने में मदद की और चार टेस्ट मैचों की सीरीज 0-0 से बराबर रही।
सचिन ने कहा कि लोग अक्सर पाकिस्तान दौरे के दौरान लगाए गए उनके छक्कों को याद करते हैं लेकिन उनके लिए सियालकोट की पारी कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण थी। इस पारी ने टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकालने और सीरीज बचाने में मदद की थी। यही वजह है कि वह इसे अपने करियर का निर्णायक मोड़ मानते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सचिन ने अपने पहले क्रिकेट बल्ले की कहानी भी सुनाई। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बहन सविता कश्मीर घूमने गई थीं। उन्हें उम्मीद थी कि बहन उनके लिए सेब या सूखे मेवे लेकर आएंगी लेकिन जब उन्होंने क्रिकेट का बल्ला उपहार में दिया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सचिन के मुताबिक वही बल्ला उनकी क्रिकेट यात्रा की शुरुआत का खास हिस्सा बन गया।
उन्होंने यह भी बताया कि 1996 विश्व कप के दौरान उन्हें शराब और तंबाकू से जुड़े एक प्रायोजन का प्रस्ताव मिला था लेकिन परिवार के फैसले के कारण उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद करीब दो साल तक वह बिना किसी कंपनी के स्टिकर वाले बल्ले से खेले। सचिन की ये यादें बताती हैं कि उनके लिए क्रिकेट केवल रिकॉर्ड और शतकों का खेल नहीं रहा बल्कि संघर्ष अनुभव और टीम के लिए मुश्किल समय में जिम्मेदारी निभाने का नाम भी रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved