
वैशाली। बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections 2025) के पहले चरण (First Phase)के लिए 18 जिलों के 121 सीटों पर आज मतदान चल रहा है। वैशाली जिले में भी आज वोटिंग हो रही है। वहां से लोकतंत्र की बेहद खास तस्वीर सामने आई है। एक वोटर केदार यादव (Kedar Yadav) वैशाली के भगवानपुर में भैंस पर सवार होकर वोट डालने पोलिंग बूथ पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पांच साल बाद लोकतंत्र का महापर्व आया है। आज गाड़ी घोड़ा नहीं मिला तो किसान होने के नाते भैंस पर चढ़ कर वोट डालने आए हैं। उन्होंने सभी लोगों से वोट डालने की अपील की।
आकर्षक अंदाज में पहुंचे केदार यादव ने कहा कि आज वोटिंग के कारण गाड़ी घोड़ा नहीं चल रहा है। लेकिन वोट डालना जरूरी है। हम लोग किसान हैं। भैंस पालते हैं। इसलिए इसी को सवारी बना लिया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के लिए वोट डालना जरूरी है। पांच साल में एक बार आम आदमी को यह मौका मिलता है। इस मौके को चूकना नहीं चाहिए। हर हाल में वोट डालना चाहिए। यह हम लोगों के उत्सव है। केदार के साथ महिलाएं भी मंगल गीत गाते हुए वोट देने निकलीं। महिलाओं ने भी बताया कि वे वोट डालकर लौटेंगीं तब जाकर खाना बनाएंगी। चाय पीकर ही मतदान करने निकल चुकी हैं। हालांकि, बादल छाने के कारण मौसम भी बहुत सुहावना है।
बिहार में गुरुवार को मतदान महापर्व है। सख्त सुरक्षा इंतजाम के बीच पहले चरण में पटना के 14 समेत समेत राज्य में 121 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता पहले वोट डालेंगे फिर कोई और काम करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम छह बजे तक होगा। हालांकि, पांच विधानसभा सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर एवं जमालपुर की सभी बूथों तथा सूर्यगढ़ा के 56 बूथों पर शाम पांच बजे तक ही वोटिंग होगी। चुनाव आयोग ने इन्हें संवेदनशील बूथ करार दिया है।
आज 18 जिलों, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर के कुल 45 हजार 341 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। पहले चरण के मतदान के साथ ही 1314 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। इनमें 122 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। सबसे कम मतदाता वाला क्षेत्र बरबीघा एवं सर्वाधिक मतदाता वाला दीघा विधानसभा क्षेत्र है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved