
पटना। बिहार (Bihar) में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) (Bharatiya Janata Party (BJP) का धुआंधार प्रचार अभियान शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah), भाजपा के दोनों ही शीर्ष नेता शुक्रवार को बिहार में चुनावी रैलियां करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। वहीं, शाह की भी दो जगहों पर जनसभाएं होंगी। साथ ही, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बिहार दौरे पर हैं। शुक्रवार को उनका हाजीपुर में कार्यक्रम है।
पीएम मोदी की शुक्रवार को पहली सभा समस्तीपुर में और दूसरी बेगूसराय में होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री एनडीए उम्मीदवारों के के लिए लोगों से समर्थन मांगेंगे। साथ ही एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का संचार करेंगे। वहीं, विपक्षियों पर निशाना भी साधेंगे। इन दोनों सभाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है।
प्रधानमंत्री सबसे पहले समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को नमन करेंगे। इसके तुरंत बाद वह समस्तीपुर में जनसभा करेंगे। यहां के बाद वह बेगूसराय में सभा करेंगे। उनकी अगली रैलियां 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में होगी। इसके बाद मोदी 2, 3, 6 और 7 नवंबर को भी बिहार में जनसभाएं करेंगे।
अमित शाह की बक्सर और सीवान में जनसभा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को सीवान और बक्सर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में यह उनकी दूसरी और तीसरी जनसभा होगी। इससे पहले 17 अक्टूबर को उनकी पहली रैली सारण जिले के तरैया में हुई थी। त कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री सुबह पटना आएंगे। यहां से दोनों जगहों पर रैलियों के लिए जाएंगे।
जनसभा करने के बाद वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चर्चा भी करेंगे और आगे की चुनावी रणनीति तय करेंगे। शाह का रात्रि विश्राम पटना में ही होगा। इसके बाद 25 अक्टूबर को भी वे नालंदा, मुंगेर और खगड़िया में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved