
नई दिल्ली. बिसलेरी (Bisleri) की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। फूड रेगुलेटर FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के पश्चिम बंगाल (West Bengal) स्थित प्लांट से कलेक्ट किए सैंपल को मानकों के अनुरूप नहीं पाया है। यह सैंपल टेस्ट में फेल हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार FSSAI ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। बता दें, यह सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के तेलीपाला से लिया था।
टेस्ट में क्या मिला
FSSAI के टेस्ट में बिसलेरी के पानी में कोलीफॉर्म बैक्टिरिया पॉजिटिव पाया गया है। बैक्टिरिया का यह फॉर्म सीवेज लीक या अन्य डैमेज पाइप के जरिए पहुंचता है। बता दें, यह दूसरी बार है जब एफएसएसएआई ने बिसलेरी के खिलाफ एक्शन लिया है। मौजूदा समय में बिसलेरी भारत के पैक किए हुए पानी के मामले में अग्रणी कंपनी है। इससे पहले रविवार को भी एफएसएसएआई ने ऐसा ही एक्शन गोवा प्लांट के सैंपल को मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद लिया था।
कोलीफॉर्म बैक्टिरिया की प्राइमरी और रेफरल लैबोरेटरी दोनों में पाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार जिसके बाद FSSAI ने बैच नंबर पीबी 201 की बिक्री पर रोक लगा दी है।
देशभर में होगी जांच
FSSAI देशभर में बोतलबंद पेयजल के नमूने एकत्र कर रहा है और इनकी गुणवत्ता जांच के नतीजे आने में एक से दो महीने लग सकते हैं। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रजित पुनहानी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जांच और कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, न कि लोगों में घबराहट पैदा करना।
पुनहानी ने कहा कि खाद्य नियामक देशभर में बोतलबंद पेयजल के नमूनों की जांच कर रहा है। देश बड़ा होने के कारण यह प्रक्रिया पूरी होने में कम से कम एक-दो महीने लग जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में एफएसएसएआई ने दूध और डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, ऊर्जा पेय और मीठे पेय सहित कई खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच और उन पर कार्रवाई की है। बोतलबंद पानी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।
बिसलेरी के टेस्ट में फेल होने के बाद तेज हुई जांच
एफएसएसएआई ने यह कार्रवाई बिसलेरी इंटरनेशनल के बोतलबंद पेयजल का एक नमूना जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद तेज की है। प्राधिकरण ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की भी मंजूरी दी है।
एफएसएसएआई के अनुसार, बिसलेरी के परिसर से लिए गए नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। कंपनी की अपील पर नमूने को संदर्भ खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया, जहां उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) भी पाए गए और नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved