
भोपाल। विधानसभा उपचुनाव में जनसंपर्क, स्टार प्रचारकों की रैली और आमसभाओं के साथ अब सबसे बड़ी चुनौती कोरोना संक्रमण के बीच एक-एक मतदाता को घर से निकालकर बूथ तक पहुंचाना है। कांग्रेस-भाजपा दोनों ने इसके लिए बूथ मैनेजमेंट की तैयारी भी कर ली है। दोनों पार्टी ने कार्यकर्ताओं की टीम बनाई है, जो मतदाताओं को घर से निकालकर वोटिंग के लिए प्रेरित करेगी। भाजपा अंतिम समय की लड़ाई बूथ प्रभारियों और पन्ना प्रमुखों के बूते लड़ेगी। भाजपा का दावा है कि मतदाताओं से वोटिंग के लिए मनुहार का काम हर बूथ के 25 सदस्य और हर पन्ना प्रमुख की 25 सदस्यीय टीम करेगी। इस तरह पार्टी ने नाम, पते और मोबाइल नंबर के साथ कार्यकर्ताओं की पूरी टीम तैयार की है। अगर कोई कार्यकर्ता अनुपस्थित रहता है तो हजार विशेष कार्यकर्ताओं की टीम भी मौजूद रहेगी। हर कार्यकर्ता वोटर को फोटो आईडी के साथ मास्क पहनने और सैनिटाइजर साथ रखने की बात भी याद दिलाएगा। चुनाव से पहले भी कार्यकर्ता जितना हो सके, मतदाताओं के घर पहुंचकर उन्हें वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे। मतदान केंद्रों पर सोशल डिस्टेंस से खड़े रहने की सीख भी कार्यकर्ता दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा के अनुसार बूथ प्रभारी, सदस्य और पन्ना प्रमुख व टीम सुबह सबसे पहले परिवार सहित वोट करेगी। फिर हर सदस्य कम से कम 10 घर वोट डालने की अपील करेगा। स्पेशल 100 कार्यकर्ताओं की टीम भी है। कांग्रेस ने हर बूथ के लिए 30-30 लोगों की टीम बनाई है। पन्ना प्रभारी की नियुक्ति से लेकर उनको जिम्मेदारियां भी दे दी गई हैं। 15 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं की टीम तैयार है, जो 384 बूथों की जिम्मेदारी संभालेगी। मंडल, सेक्टर प्रभारी की टीम अलग से रहेगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जल्द ही अद्र्ध पन्ना प्रमुख भी बनाए जाएंगे। हर 15-25 वोट पर एक प्रभारी बनाने की तैयारियां भी शुरू हो गई है। चुनाव से पहले ज्यादा से ज्यादा घरों तक पहुंचने का प्रयास है। लोगों को कोरोना काल में भी वोट डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि एक-एक वोटर बूथ तक पहुंच सके। एक टीम मतदाताओं को कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने की समझाइश देगी।
हर 15-15 वोट पर एक व्यक्ति को जिम्मेदारी दी। जो बूथ की टीम है, वो भी इनसे समन्वय बनाएगी। कार्यकर्ता सुबह खुद वोट डालें, परिवार का वोट डलवाएं। इसके बाद घर-घर जाएंगे। 200 लोगों की स्पेशल टीम कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव से संपर्क में रहेगी। जहां कमी दिखेगी, उसे दूर किया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved