जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा (State President Vishnudutt Sharma) ने कहा कि भाजपा का नेतृत्व और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर स्पष्ट कर चुके हैं कि वह पिछड़ों के हक की लड़ाई किसी भी न्यायालय में पुरजोर तरीके से लड़ेंगे, जबकि कांग्रेस और कमलनाथ सरकार ने ओबीसी आरक्षण को लेकर केवल भ्रम फैलाने का काम किया है। आज कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ओबीसी आरक्षण को लेकर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, उन्हें अगर इस वर्ग की इतनी ही चिंता होती तो जब उनकी सरकार थी, तब हाई कोर्ट में सुनवाई के समय एडव्होकेट जनरल को खड़े क्यों नहीं कर पाये ? कांग्रेस ने केवल वोट बैंक मानकर पिछड़ा वर्ग को हमेशा गुमराह किया। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा गुरुवार को जबलपुर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
मोदी जी ने दिया ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि ओबीसी वर्ग के साथ छल करना और धोखा देना कांग्रेस की राजनीति का हमेशा से हिस्सा रहा है। कांग्रेस ने ओबीसी कमीशन बनाया था लेकिन उसे संवैधानिक दर्जा कभी नहीं दिया क्योंकि उन्हें इस बात का डर था कि अगर कमीशन को संवैधानिक दर्जा मिल गया तो यह वर्ग अधिकार संपन्न हो जायेगा। ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र और राज्य सरकार ने हमेशा सभी वर्गों की चिंता की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और भाजपा नेतृत्व इसके लिए प्रतिबद्ध है कि 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण हो, इस दिशा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान दिल्ली में सीनियर एडव्होकेट से मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीट में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण और आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास जीतने के मंत्र में विश्वास करती है।
प्रदेश में ऐतिहासिक वैक्सीनेशन के लिए प्रशासन और कार्यकर्ताओं को बधाई
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने प्रदेश में चल रहे वैक्सीनेशन महाअभियान-2 की सफलता पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन महाअभियान के दूसरे चरण में जिस तरह प्रशासन तंत्र और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिलकर अथक मेहनत की और हर व्यक्ति को टीका लगवाने की दिशा में काम किया वह प्रशंसा योग्य है। प्रथम चरण की तरह दूसरे चरण में भी ऐतिहासिक उपलब्धि बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के संकट में वैक्सीनेशन ही बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। प्रदेश में चल रहे वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता भी आमजन से अपील कर उन्हें प्रेरित करने का काम कर रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved