
– दिया नारा “बेटियां वहां… सम्मान और सुरक्षा जहां”
वाराणसी। प्रदेश विधानसभा चुनाव (Assembly elections) में सत्तारूढ़ दल भाजपा को घेरने के लिए विपक्षी दलों का बेमेल गठबंधन का दौर चल रहा है। वहीं, भाजपा में भी विरोधी दलों के असंतुष्ट नेताओं और उनके परिजनों का आने का क्रम बना हुआ है। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में ऐसे नेताओं को शामिल कराया जा रहा है। बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू (younger daughter-in-law of Mulayam Singh Yadav) अपर्णा यादव (Aparna Yadav) भी भाजपा में शामिल हो गई।
अपर्णा यादव ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली। अपर्णा के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा ने उन्हें और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य की सांसद पुत्री संघमित्रा मौर्य को पार्टी का पोस्टर गर्ल बना दिया है। शाम को पोस्टर सोशल मीडिया में तेजी से वायरल होता रहा। पोस्टर में नारा दिया गया है “बेटियां वहां… सम्मान और सुरक्षा जहां”। पोस्टर के जरिये भाजपा ने एक तीर से कई सियासी निशाना साधा है।
बताते चलें, संघमित्रा मौर्य फिलहाल बदायूं सीट से भाजपा की सांसद हैं। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेन्द्र यादव को हरा दिया था। अपर्णा यादव का भले ही बड़ा राजनीतिक कद नही है। लेकिन भाजपा में उनका जाना पारिवारिक तनाव को बताता है। अपर्णा के बहाने भाजपा सपा अध्यक्ष पर निशाना साधेगी। उधर,अखिलेश यादव ने अपर्णा के भाजपा में शामिल होने पर उन्हें बधाई दी। कहा कि नेता जी ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की थी। अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल के अंतिम दिनों में जिस तरह उनके परिवार में कलह मची और परिवार बिखरा उसका असर चुनावी नतीजों में दिखाई दिया था। वैसा ही उम्मीद फिर जताई जा रही है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved