
लखनऊ । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कहा कि अगले 30 वर्षों तक (For the next 30 Years) भाजपा मजबूत राजनीतिक स्थिति में बनी रहेगी (BJP will remain in strong Political Position) ।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता तेज करने के क्रम में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जोश भरते हुए लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत नाराजगी और आकांक्षाओं को पीछे छोड़कर संगठन की मजबूती के लिए जुटने तथा आगामी विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव मानकर पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया। अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की निरर्थक बयानबाजी का जवाब भाजपा 2027 में अपनी सरकार बनाकर देगी।
कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि सभी अपनी नाराजगी गोमती नदी में डालकर जाएं। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार को अंगद का पैर बनाए रखना है। चुनाव के दौरान वह बार-बार कार्यकर्ताओं के बीच आएंगे और उनके कामकाज का हिसाब भी पूछेंगे। इसलिए सभी अपना बही-खाता दुरुस्त रखें। अमित शाह ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां अपनी जगह हैं, लेकिन पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने विकास के लिए व्यापक काम किए हैं। अब इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संगठन की है। कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव समझकर मैदान में उतरें और परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए 2027 में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लें। कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी लगातार चुनाव हार रही है, जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता हासिल करने में नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि विपक्ष इसी तरह काम करता रहा तो आने वाले लंबे समय तक उसे सत्ता में वापसी का अवसर नहीं मिलेगा। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश में भी भाजपा अगले 30 वर्षों तक मजबूत राजनीतिक स्थिति में बनी रहेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और निवेश के मुद्दे पर योगी सरकार की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। बेहतर कानून व्यवस्था के कारण निवेश का माहौल बना है और इससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा के शासनकाल के कामकाज को मिला दिया जाए, तब भी योगी सरकार का एक कार्यकाल उनसे अधिक काम करने वाला साबित होगा। अपने संबोधन में अमित शाह ने 2014 और 2017 के उत्तर प्रदेश चुनावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रदेश में भाजपा के पास सीमित विधायक थे और संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने तहसील स्तर तक जाकर काम किया। संगठन के मजबूत होने का परिणाम यह रहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 41 प्रतिशत वोट हासिल करते हुए 73 सीटें जीतीं। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटों पर जीत मिली।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved