
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा शहर (Indore) में तिरंगा यात्रा (Tiranga Yatra) का आयोजन 16 मई को किया गया है। यह यात्रा गैर-राजनीतिक (non-political) रूप से निकाली जाएगी। इस यात्रा में मुख्यमंत्री (Chief Minister) डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि पार्टी के प्रदेश संगठन के निर्देश पर 16 मई को शाम 5 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा बड़ा गणपति चौराहा से शुरू होगी और राजबाड़ा पर आकर समाप्त होगी। यह यात्रा गैर-राजनीतिक रूप से निकाली जा रही है। इस यात्रा में कहीं भी भाजपा का बैनर-झंडा नहीं होगा। पूरी यात्रा में केवल तिरंगा और सैनिकों पर फोकस रखा जाएगा। यात्रा में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता को सुनिश्चित किया जा रहा है। इस यात्रा के लिए सुधीर कोल्हे को संयोजक व धीरज खंडेलवाल तथा अजीत रघुवंशी को सहसंयोजक बनाया गया है। तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा कार्यालय पर आज शाम 5 बजे बैठक रखी गई है। इस बैठक में पार्टी के सभी प्रमुख नेता तथा संगठन के मंडल स्तर तक के पदाधिकारी शामिल होंगे। ध्यान रहे कि भाजपा की तिरंगा यात्रा पिछले दिनों निकलने वाली थी। जिस दिन यह यात्रा निकलना थी उसके एक दिन पहले ही भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान पर चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंदूर में सीजफायर घोषित कर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप इस यात्रा को स्थगित कर दिया गया था।