मनोरंजन

असम के बाढ़ पीड़ितों की मदद को बॉलीवुड ने बढ़ाए मदद के हाथ

असम के लोग इन दिनों बाढ़ (Assam Flood) का कहर झेल रहे हैं। बाढ़ की वजह से लाखों लोग अपना घर छोड़ कर राहत शिविरों में रह रहे हैं। एक तरफ जहां असम सरकार (Assam government) पीड़ितों की मदद की हर संभव कोशिश कर रही है, वहीं बॉलीवुड भी इन लोगों के मदद के लिए आगे आया है।

फिल्म निर्माता करण जौहर (Karan Johar) ने असम के मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) में बाढ़ राहत के लिए 11 लाख रुपये की मदद राशि दी है। इसके बाद सूबे के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस मदद के लिए करण का आभार भी जताया है। मुख्यमंत्री ने लिखा, ”मुख्यमंत्री राहत कोष में 11 लाख रुपये का योगदान देने के लिए फिल्म निर्माता करणजौहर और धर्मा प्रोडक्शंस का आभारी हूं।”



वहीं अर्जुन कपूर, रोहित शेट्टी, सोनू निगम जैसी कई बॉलीवुड हस्तियों ने भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। इसके लिए योगदान दिया है। सभी ने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी द्वारा ”असम बाढ़ के लिए पूरे फिल्म उद्योग को एक साथ आने” की अपील का समर्थन किया है। जिसके तहत रोहित शेट्टी और अभिनेता अर्जुन कपूर ने सीएमआरएफ को 5-5 लाख रुपये का योगदान दिया था. फिल्म और संगीत निर्माता और टी-सीरीज़ के मालिक भूषण कुमार ने 11 लाख रुपये का योगदान दिया था, जबकि गायक सोनू निगम ने बाढ़ राहत और पुनर्वास के लिए सहायता के रूप में सीएम राहत कोष में 5 लाख रुपये का दान दिया था।

उल्लेखनीय है कि असम में अभी भी बाढ़ से 27 जिलों के 2,894 गांवों की कुल 25,10,989 आबादी प्रभावित हैं। इसी के साथ बाढ़ से अभी भी कुल 80346.28 हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित है। अब तक राज्य में कुल 120 से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। सभी प्रभावित क्षेत्रों में 637 राहत शिविर और 259 राहत वितरण केंद्र खोले गए हैं। इन राहत शिविरों में कुल 2,33,271 बाढ़ प्रभावित लोग रह रहे हैं। एजेंसी/हिस

Share:

Next Post

बलोचिस्तान में बारिश ने मचाई तबाही, 25 लोगों की मौत, क्वेटा में आपातकाल की घोषणा

Thu Jul 7 , 2022
कराची। पाकिस्तान (Pakistan) के बलोचिस्तान प्रांत में बुधवार को मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ के चलते एक ही परिवार की छह महिलाओं सहित कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद क्वेटा जिले में आपात स्थिति की घोषणा करनी पड़ी। कई के लापता होने के कारण मृतक संख्या बढ़ने की […]