भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

बूथ सशक्तीकरण और चुनाव की बनेगी रणनीति

  • भाजपा कार्यसमिति की बैठक शुरू, विधायक, सांसद, जिला पंचायत सदस्य भी शामिल

भोपाल। भाजपा कार्यसमिति की बैठक आज प्रदेश कार्यालय में शुरू हुई। बैठक में नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति और बूथ सशक्तीकरण अभियान को लेकर चर्चा होगी। बैठक में मंत्री, सांसद, विधायक सहित अन्य पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। इसके एक दिन बाद 25 जनवरी को पिछले विधानसभा चुनाव में हारी हुई सीटों के प्रभारियों की बैठक होगी। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि बैठक में चुनावी रणनीतिक तैयार के लिए मंथन होगा। इसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए निर्णयों के आधार पर कार्ययोजना बनाई जाएगी। बैठक में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश सह प्रभारी रामशंकर कठेरिया, केन्द्रीय नरेन्द्रसिंह तोमर, वीरेन्द्र कुमार खटीक, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते आदि विशेष रूप से शामिल हुए हैं।



भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में 5 फरवरी से शुरू हो रही विकास यात्राओं में पार्टी के पदाधिकारियों की भागीदारी और केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद से लेकर अन्य गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी। पार्टी के 51 प्रतिशत वोट शेयर करने के लक्ष्य के कार्यक्रमों को गति देने को लेकर भी निर्णय लिए जाएंगे। इसके साथ ही बूथ विस्तारक अभियान-2 को लेकर चर्चा होगी। कार्यसमिति में वर्तमान राजनैतिक परिस्थितियों पर राजनैतिक प्रस्ताव आयेगा तथा भारत को जी-20 देशों की अध्यक्षता मिलने पर वक्तव्य जारी किया जायेगा। पेसा एक्ट सहित जनजाति कल्याण को लेकर किए जा रहे कार्यो तथा जनजागरूकता के लिए चलाए गयी गौरव यात्राओं पर भी वक्तव्य आयेगा।

प्रदेश संगठन बनाएगा कार्ययोजना
प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों ने बताया कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर प्रदेश संगठन कार्ययोजना तैयार करेगा। बैठक में बूथ सशक्तीकरण अभियान के अंतर्गत अब तक हुए काम के अलावा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने का लक्ष्य
पार्टी ने आगामी चुनाव में 51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए मतदान केंद्र स्तर पर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन्हें अब और गति दी जाएगी। पांच फरवरी से प्रदेश में निकाली जा रही विकास यात्रा में पार्टी पदाधिकारियों की भागीदारी, मतदान केंद्र स्तर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद सहित अन्य कार्यक्रमों को संचालित करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी।

बैठक ईको फ्रेंडली होगी
कार्यकारिणी की बैठक के अगले दिन बुधवार को पार्टी हारी सीटों को लेकर बैठक करेंगी। इसमें हारी सीटों के प्रभारियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यक्रम तय किये जाएंगे। इन सीटों के हारने के कारण और अपने पक्ष के समीकरणों के अनुसार रणनीति तय की जाएगी। बैठक विशेष तौर पर ईको फ्रेंडली, प्लास्टिक मुक्त होगी। यानी बैठक में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही तकनीक से युक्त बैठक होगी। यहां पर सभी सदस्य को ई-रजिस्ट्रेशन होगा। जितने भी कार्यकर्ता कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। उनका ई-रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।

Share:

Next Post

सुनी सुनाई : आधे मंत्रियों की होगी छुट्टी!

Tue Jan 24 , 2023
मप्र के शिवराज मंत्रिमंडल में फेरबदल अगले महीने फरवरी में होना तय हो गया है। चौंकाने वाली खबर यह आ रही है कि लगभग आधे मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। इनमें अनेक सिंधिया समर्थक मंत्री भी शामिल हैं। भाजपा हाईकमान ने अगला चुनाव शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लडऩे का मन बना लिया […]