img-fluid

मुस्लिम परिवार में जन्मी भोजपुरी अभिनेत्री हर साल करती हैं छठ पूजा, जानिए सबीहा शेख कैसे बनीं रानी चटर्जी

November 10, 2026

नई दिल्ली ।भोजपुरी सिनेमा (Bhojpuri Cinema) की लोकप्रिय अभिनेत्री रानी चटर्जी (Rani Chatterjee) अपनी फिल्मों और अभिनय के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। उनका असली नाम सबीहा शेख (Sabiha Shaikh) है और वह मुस्लिम परिवार से ताल्लुक (Muslim Family) रखती हैं। इसके बावजूद वह हर साल छठ पूजा (Chhath Puja) में शामिल होती हैं और छठी मैया का आशीर्वाद लेती हैं। छठ पर्व (Chhath Festival) को लेकर उनकी आस्था और धार्मिक विचारों को लेकर कई बार चर्चा हो चुकी है।

छठ पूजा का चार दिवसीय महापर्व 13 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस पर्व को लेकर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। छठ के गीतों और धार्मिक आयोजनों के बीच भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकार भी इस त्योहार में अपनी भागीदारी निभाते हैं। रानी चटर्जी भी उन कलाकारों में शामिल हैं, जो हर साल इस पर्व को श्रद्धा के साथ मनाती हैं।

रानी चटर्जी ने एक इंटरव्यू में अपने धर्म और धार्मिक मान्यताओं को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती हैं और बचपन से ही उनकी सोच ऐसी रही है। अभिनेत्री के मुताबिक, लोगों ने उन्हें नमाज पढ़ते हुए शायद कम देखा होगा, जबकि पूजा-पाठ करते हुए अधिक देखा है। उन्होंने यह भी बताया था कि वह हर साल छठी मैया का आशीर्वाद लेती हैं।

अभिनेत्री को सोशल मीडिया पर उनके नाम और धर्म को लेकर कई बार आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया था कि जब नई पीढ़ी के कुछ लोगों को उनके मुस्लिम होने की जानकारी मिलती है, तो वे कमेंट और निजी संदेश भेजकर उन्हें झूठा तक कहते हैं। कुछ लोग उन पर हिंदू धर्म का नाम इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाते हैं।

रानी ने इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि रानी नाम अपनाने के बाद भी उन्होंने कभी हिंदू धर्म का अपमान नहीं किया। उनका मानना है कि किसी दूसरे धर्म की परंपराओं और आस्थाओं का सम्मान करना गलत नहीं है। उनके अनुसार, कलाकार के रूप में काम करने के दौरान उन्हें अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों को समझने का अवसर मिला है।

रानी चटर्जी ने यह भी बताया था कि फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाने से दुनिया को देखने का उनका नजरिया बदला। कभी उन्हें ईसाई महिला की भूमिका निभानी पड़ती है, तो कभी काली माता के मंदिर में तांडव करना होता है। इसके अलावा उन्होंने भगवान भोलेनाथ से जुड़े गीतों में भी काम किया है। अभिनेत्री का कहना था कि अलग-अलग धर्मों को जानना दरअसल भारत की विविधता और संस्कृति को समझने का एक तरीका है।

सबीहा शेख से रानी चटर्जी बनने की कहानी भी उनकी पहली भोजपुरी फिल्म से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया था कि जब उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की, तब वह दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। उनकी पहली फिल्म में मनोज तिवारी मुख्य भूमिका में थे। फिल्म के एक दृश्य में उन्हें मंदिर में भगवान के चरणों में सिर रखकर अपने पति की जान बचाने की प्रार्थना करनी थी।

इस दृश्य की शूटिंग के दौरान मंदिर में काफी भीड़ जमा थी। कई मीडियाकर्मी भी वहां मौजूद थे। अभिनेत्री के अनुसार, फिल्म के निर्देशक को आशंका थी कि अगर मंदिर के पुजारी को उनके मुस्लिम होने की जानकारी मिली, तो शूटिंग में परेशानी आ सकती है। इसी वजह से निर्देशक ने उन्हें सलाह दी कि कोई नाम पूछे तो वह अपना नाम रानी बताएं। फिल्म में उनके किरदार का नाम भी रानी ही था।

इसके बाद जब मीडियाकर्मियों ने निर्माता से उनका पूरा नाम पूछा, तो वह असमंजस में पड़ गए। अभिनेत्री की असली पहचान सार्वजनिक नहीं करने की पहले से योजना थी। ऐसे में निर्माता ने जल्दबाजी में रानी के साथ चटर्जी सरनेम जोड़ दिया। इस तरह सबीहा शेख का नाम रानी चटर्जी पड़ गया।


  • फिल्म रिलीज होने के बाद सफल रही और रानी चटर्जी इसी नाम से भोजपुरी सिनेमा में पहचानी जाने लगीं। बाद में उन्होंने भी इसी नाम को अपनी फिल्मी पहचान के रूप में अपना लिया। आज उनका यह नाम भोजपुरी मनोरंजन जगत में एक स्थापित पहचान बन चुका है।

    Share:

  • तीन शादियां और छह बच्चे, अब पवन कल्याण के तीसरे रिश्ते पर उठे सवाल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट

    Tue Nov 10 , 2026
    नई दिल्ली। साउथ सिनेमा(South Indian cinema) के मशहूर अभिनेता (famous actor)और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण (Andhra Pradesh Deputy Chief Minister Pawan Kalyan)एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि पवन कल्याण और […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved