सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर (Gopal Singh, Engineer) का जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव (Panchayat President Election) में कथित खरीद-फरोख्त को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। वहीं विधायक ने बयान को मजाक-मस्ती में कही गई बात बताया है।
कार्यक्रम में दिया बयान
सोमवार को आष्टा में स्वर्णकार समाज की ओर से श्री अजमीढ़जी महाराज के जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने बाबा जी से आशीर्वाद मांगा तो उन्होंने एक की कमी होने की बात कही। इस पर विधायक ने कहा, “10 को खरीद लिया मैंने 18 में से।”
कांग्रेस ने उठाए सवाल, विधायक की सफाई
कांग्रेस ने वीडियो साझा कर भाजपा को घेरा और विधायक के बयान को लेकर निशाना साधा। हालांकि, विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर ने ‘एमपी तक’ से फोन पर बातचीत में कहा कि उन्होंने यह बात केवल मजाक-मस्ती में कही थी। उनके मुताबिक, कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह हर बात को मुद्दा बना रही है। विधायक ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है और यह केवल हंसी-मजाक की बात थी।
वायरल वीडियो और विधायक की सफाई के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved