img-fluid

31 अक्टूबर तक इंदौर में 43 हजार मरीज

September 07, 2020


– मध्यप्रदेश के सभी 52 जिलों के कोविड मैनेजमेंट से खुलासा
इंदौर, राजेश ज्वेल।
देश में 90 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज हर 24 घंटे में मिल रहे हैं और अक्टूबर तक भारत अमेरिका को पछाडक़र नम्बर वन संक्रमित देश बन जाएगा। मध्यप्रदेश में भी मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लिहाजा प्रदेश सरकार ने इंदौर सहित 52 जिलों के लिए 31 अक्टूबर तक मरीजों की संख्या का अनुमान लगाया है। उसके मुताबिक इंदौर में ही 43 हजार से ज्यादा मरीज हो जाएंगे, जो अभी 14870 ही हैं। यानी तीन गुना मरीज इंदौर में ही बढ़ेंगे। प्रदेश में अभी 73574 मरीज हैं तो उनकी संख्या बढक़र 2 लाख 60 हजार तक पहुंच जाएगी। 6 दिन में ही प्रदेश में साढ़े 9 हजार से अधिक मरीज बढ़े हैं और इंदौर में यह आंकड़ा 1600 से अधिक का रहा है, जो 1 से 6 सितम्बर के बीच ही बढ़ गए हैं।
1 जून को मध्यप्रदेश में 8283 पॉजिटिव थे, जो 31 अगस्त तक 63965 और 6 सितम्बर तक 73574 हो गए। 30 दिनों में लगभग दोगुना मरीज बढ़े हैं। हालांकि 55 हजार से ज्यादा मरीज इंदौर सहित पूरे प्रदेश में स्वस्थ भी हो चुके हैं। इंदौर की बात की जाए तो 1 से 6 सितम्बर के बीच 1600 से ज्यादा पॉजिटिव मरीज सामने आए। वहीं कोविड मैनेजमेंट प्लान के मुताबिक 31 अक्टूबर तक प्रदेश में जहां कोरोना मरीजों का आंकड़ा 2 लाख 60 हजार तक पहुंचेगा तो इंदौर में यह संख्या 43 हजार 480 तक अनुमानित की गई है। हालांकि तब 9 हजार 134 मरीज ही अस्पताल में भर्ती रहेंगे और शेष स्वस्थ हो जाएंगे। अभी इंदौर में हर 24 घंटे में औसतन 300 मरीज नए मिल रहे हैं। इंदौर में आज की तारीख में 14870 कुल पॉजिटिव मरीज मिले, जिनमें से 10 हजार 231 स्वस्थ भी हो चुके हैं और मौत का आंकड़ा 421 का है, जबकि रिकवरी रेट 69 प्रतिशत तक बताया जा रहा है। अभी बड़ी संख्या में होम आइसोलेशन में भी इन मरीजों का इलाज चल रहा है। इंदौर के बाद सर्वाधिक 35 हजार 126 कोरोना मरीज 31 अक्टूबर तक राजधानी भोपाल में अनुमानित किए गए हैं। 30 सितम्बर तक ही इंदौर में कोरोना के कुल मरीजों का आंकड़ा 23533 तक अनुमानित किया गया है, जिनमें साढ़े 5 हजार से अधिक उपचाररत रहेंगे। इंदौर में तब तक 200 से अधिक आईसीयू बेड की भी आवश्यकता पड़ेगी।
10 हॉटस्पॉट जिलों में ही होंगे 61 फीसदी मरीज
कोविड मैनेजमेंट प्लान में वे 10 जिले भी शामिल हैं, जहां सबसे अधिक कोरोना मरीज मिल रहे हैं। इनमें इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, शिवपुरी, उज्जैन, विदिशा, रतलाम, खरगोन और नीमच शामिल हैं, जहां 31 अक्टूबर तक प्रदेश के 61 फीसदी मरीज रहेंगे, जिनकी कुल संख्या 1 लाख 59 हजार 447 बताई गई है।
मध्यप्रदेश में 2 लाख 60 हजार तक पहुंचेगा आंकड़ा
इंदौर में जहां 43 हजार से अधिक मरीज तो मध्यप्रदेश में 31 अक्टूबर तक 2 लाख 60 हजार तक कुल कोरोना मरीज हो जाएंगे, जिनमें से 2 लाख से अधिक स्वस्थ भी होकर घर पहुंचेंगे और 55 हजार मरीज अस्पताल या होम आइसोलेशन में उपचाररत रहने का अनुमान लगाया गया है। इसी के मुताबिक बेड की व्यवस्था शासन सभी कलेक्टरों के माध्यम से करवा रहा है और ऑक्सीजन वाले आइसोलेशन बेडों की संख्या भी 9626, एसडीयू 3089 और आईसीयू बेड की संख्या 2539 और बढ़ाना बढ़ेगी। इसके लिए शासन ने 70 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च होने का भी अनुमान लगाया है। इंदौर में बाहरी मरीजों के कारण बेड की परेशानी आ सकती है, जिसके चलते अब प्रशासन बेड की अधिक से अधिक व्यवस्था करने में जुटा है। इसमें 200 से ज्यादा आईसीयू बेड की आवश्यकता बताई गई है, क्योंकि अभी सबसे ज्यादा इसी की कमी भी इंदौर में है।

Share:

  • पहली बार शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों के नाम कार्यकर्ताओं से मांगे जाएंगे

    Mon Sep 7 , 2020
    इंदौर। शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी के गठन से पहले कांग्रेस ने पहली बार एक अनूठी पहल की है। इसके तहत वार्ड अध्यक्षों से शहर कांग्रेस में पदाधिकारी बनने वालों के नाम मांगे गए हैं। कमेटी ने वार्ड अध्यक्षों से नेताओं के नाम मांगते हुए पूछा है कि वे शहर, ब्लाक और वार्ड में सक्रिय हैं […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved