
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के आन्दोलन को लेकर एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार पर पूंजीपतियों से गुपचुप बातें कर किसानों के खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है।
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार दिन में किसानों से बेनतीजा वार्ता करती है व रात में पूंजीपतियों से गुपचुप बातें कर किसानों के खिलाफ षड्यंत्र रचती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार वार्ता को लम्बा खींचकर भी आन्दोलन को कमजोर न कर पायेगी क्योंकि देश किसानों के साथ है।उन्होंने कहा कि किसानों को सता कर भाजपा सत्ता मे नहीं रह पाएगी।
इस बीच कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर कई राज्यों के किसानों का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी है। इसके मद्देनजर दिल्ली-हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई बॉर्डर सील हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार का कहना है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य रहेगा, उसे छुएंगे तक नहीं, वहीं किसान इस बात पर अड़े हैं कि संसद सत्र बुलाकर कानून रद्द कराए जाएं। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved