
नागदा। 26 सितंबर से शारदेय नवरात्र की शुरुआत हो रही है जिसे देखत हुए गुरुवार शाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। करीब एक घंटा चली बैठक में एसडीएम आशुतोष गोस्वामी, टीआई श्यामचंद्र शर्मा ने गरबा आयोजकों से गरबों की रुपरेखा जानी। साथ ही प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों को गरबा स्थल पर अनिवार्य रुप से सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित अन्य तरहों से सतर्कता बरतने का आग्रह किया। अधिकारियों ने गरबा आयोजकों से भी नियमों का पालन करने का अनुरोध करते हुए रात 12 बजे तक ही गरबों का आयोजन करने की हिदायत दी।
आयोजकों का कहना था कि शहर में आवारा मवेशियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है जिसके कारण आयोजनों में विघ्न पैदा होने की संभावना है। इसलिए नपा को मवेशियों की धरपकड़ करने के दिशा-निर्देश दिए जाएं। आयोजकों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान बिजली गुल नहीं हों। इसका विशेष ध्यान रखा जाएं। हालांकि बिजली कंपनी के जेई दिनेश शर्मा ने आयोजकों से गरबा पांडालों में वैकल्पिक व्यवस्था रखने का अनुरोध किया है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved