img-fluid

गोरखपुर में 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने

November 29, 2026


गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने गोरखपुर में (In Gorakhpur) 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया (Inaugurated and Laid Foundation Stones for Development Projects worth Rs. 502 Crore) ।


  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर सेक्टर-7 में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बटन दबाकर 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया, गीडा की नई वेबसाइट लॉन्च की और हैंडलूम एवं टेक्सटाइल उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट वितरित किए। कार्यक्रम में 17,650 करोड़ रुपये के नए निवेश से संबंधित एमओयू हुए, जिससे 50,000 युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 463 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चकभोप आवासीय कॉलोनी का शुभारंभ भी किया, जहां गरीब से लेकर हर वर्ग के लिए आवास तथा श्रमिकों के लिए डॉर्मिटरी व सस्ते भोजन की किचन सुविधा उपलब्ध होगी।

    उन्होंने कहा कि 37 वर्ष पहले स्थापित गीडा के शुरुआती 28-30 वर्ष अंधकारमय थे, क्योंकि खराब सरकारें स्वयं में आपदा होती हैं और परिवारवाद तक सीमित दल कभी विकास नहीं कर सकते। वर्ष 2017 से पहले सरकारी धन कब्रिस्तान की बाउंड्री और गरीबों की जमीन कब्जाने में लगता था। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के कुल बजट का 80 से 85 फीसदी हिस्सा केवल सैफई महोत्सव पर खर्च हो जाता था और शेष प्रदेश के लिए कुछ नहीं बचता था। आज डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव सभी 403 विधानसभाओं में विकास करा रही है।

    यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारें कट्टा और बम बनवाती थीं, लेकिन आज यूपी में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव-203 राइफल, वेबले स्कॉट रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। जब ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मन पर कहर बरपाती है तो पाकिस्तान भी बाप-बाप चिल्ला उठता है। गीडा में 15,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव पहले ही जमीन पर उतर चुके हैं। धुरियापार के पास सीमेंट फैक्ट्री, गैलेंट व अंकुर उद्योग का स्टील, तत्व प्लास्टिक, फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, दोहरी क्षमता से चलता खाद कारखाना, पिपराइच चीनी मिल और कालेसर-जंगल कौड़िया बाईपास नए गोरखपुर की पहचान हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को कौशल से जोड़ने के लिए 25 एकड़ क्षेत्रफल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन बनाया जा रहा है। यहां सहजनवा, खजनी, चिल्लूपार, बांसगांव, गोरखपुर ग्रामीण, कैम्पियरगंज, पिपराइच, चौरीचौरा सहित कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, मऊ, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, बस्ती और संतकबीरनगर के युवाओं को एक ही छत के नीचे पंजीकरण, साक्षात्कार व प्रशिक्षण के साथ नौकरी की गारंटी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर परियोजनाओं की डिजिटल प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल, गोरखपुर ट्रेड शो और एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान गीडा के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।

    मुख्यमंत्री ने गीडा व जिला प्रशासन तथा चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज से आह्वान किया कि वे स्कूली बच्चों, व्यापारियों व उद्यमियों को ट्रेड शो में लाकर यूपी की उत्पादन शक्ति, ओडीओपी और व्यंजन कला का अवलोकन कराएं। कार्यक्रम के दौरान मंच पर गीडा के सीईओ और छह कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ। इसके तहत क्लीन व नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में कार्यरत एक्मे क्लीनटेक सॉल्यूशंस की ओर से संजय धवन, दवा निर्माण व विपणन से जुड़ी सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्रा.लि. के परमानन्द चंद तथा ऑर्बिट इंडस्ट्रीज प्रा.लि. के अभिषेक अग्रवाल ने गीडा के सीईओ के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया।

    इसी क्रम में गन्ना व अनाज उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचाने वाली एस.आर. मदर्स नेचर डिस्टिलरीके अभिनंदन जैन, जलीय पशु आहार तैयार करने वाली कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स के एवी सुब्रमण्यम व श्रीनिवास तेताली तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, ड्रोन व 3डी तकनीक के प्रशिक्षण एवं विकास पर केंद्रित महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) के सीईओ आयुष चौरसिया ने भी गीडा के सीईओ के साथ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।

    मुख्यमंत्री ने मंच से ईडब्ल्यूएस व एलआईजी वर्ग के आवंटी आलोक कुमार यादव और शुभम द्विवेदी को आवास आवंटन पत्र प्रदान किए। नए निवेशकों में ऑलइनप्रो इंडस्ट्रीज प्रा.लि. के अभिनव कुमार सिंह, गिर्वाना फूड्स एंड एग्रो इंडस्ट्रीज प्रा.लि. के अतुल सिंह, शशिब्लेस एंटरप्राइजेज की श्वेता मिश्रा, आईके फूड एंड बेवरेजेज के साजिब खान और मेसर्स रमाकांत यादव (ऑटोमेटेड फ्लोर मिल) को आवंटन पत्र दिए गए। नाइलिट गीडा स्टडी सेंटर के आदित्य शुक्ला, कुमारी प्रिया और निशा भारती को प्रमाण पत्र सौंपे गए। ओडीओपी मार्जिन मनी योजना के तहत मनोज कुमार गुप्ता को 10 लाख रुपये, प्रीति शुक्ला को 16 लाख रुपये और राजकुमार को 5 लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत ज्ञानती देवी तथा ओडीओपी प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत कुमारी गौरी को टूलकिट प्रदान की गई।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved