वॉशिंगटन। एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) के कथित तौर पर चीनी जासूसी नेटवर्क (Chinese espionage network) से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने के आरोपों ने अमेरिका (US) में राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। अमेरिकी सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर राष्ट्रीय सुरक्षा की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। शूमर का दावा है कि ट्रंप प्रशासन को एक साल से अधिक समय पहले हुआंग के एक कथित चीनी जासूस से संबंधों की जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बजाय ट्रंप ने एनवीडिया से 25 मिलियन डॉलर (करीब 234 करोड़ रुपये) का चंदा स्वीकार किया।
शूमर ने आरोप लगाया कि ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग को बीजिंग यात्रा पर अपने साथ ले जाने के साथ चीन को अमेरिकी एआई चिप्स तक पहुंच देने की उनकी सलाह भी मानी। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने एनवीडिया से 25 मिलियन डॉलर का चंदा भी स्वीकार किया। शूमर ने व्हाइट हाउस से इस मामले में जवाबदेही तय करने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का जवाब देने की मांग की है।
शूमर का यह बयान ट्रंप की ओर से जेन्सेन हुआंग का सार्वजनिक रूप से बचाव किए जाने के कुछ समय बाद आया है। ट्रंप ने उन्हें शानदार और उच्च गुणवत्ता वाला व्यक्ति बताया था। उन्होंने एनवीडिया की ब्लैकवेल चिप की भी तारीफ की थी। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि इस मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या सामने नहीं आएगी। उन्होंने कहा था कि विवाद के कारण हुआंग और उनका परिवार काफी परेशानी झेल रहा है।
विवाद के बीच एनवीडिया के निदेशक मंडल ने मामले की स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया है। कंपनी के अनुसार, बोर्ड के स्वतंत्र सदस्यों ने न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के पूर्व कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी जून एच. किम और उनकी कानूनी फर्म वाचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। कंपनी ने इसे विस्तृत और स्वतंत्र जांच बताया है। बोर्ड ने रविवार को भी जांच की घोषणा की थी।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति के डेमोक्रेटिक सदस्यों ने भी ट्रंप प्रशासन की निर्यात नीति पर सवाल उठाए हैं। रोड आइलैंड के गैब अमो, न्यूयॉर्क के ग्रेगरी डब्ल्यू. मीक्स और कैलिफोर्निया की सिडनी कमलागर-डोव ने वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक से उन्नत एआई चिप्स के निर्यात की मंजूरी को लेकर जवाब मांगा है।
सांसदों ने द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वाणिज्य विभाग ने चीन से जुड़ी संस्थाओं, सैन्य ठेकेदारों और प्रतिबंधित कंपनियों को उन्नत एआई हार्डवेयर भेजने की मंजूरी दी थी। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि अमेरिका की एआई क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता बनाए रखने का दावा करने के साथ उसकी उन्नत तकनीक को रणनीतिक प्रतिद्वंद्वी तक पहुंचने देना उचित नहीं है। राष्ट्रीय सुरक्षा को कॉरपोरेट बिक्री के लक्ष्यों से ऊपर रखा जाना चाहिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर मुख्यालय वाली डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग को कथित तौर पर चीनी खुफिया एजेंसी ने अपने साथ जोड़ा था। मेगास्पीड ने एनवीडिया के हार्डवेयर खरीदे और दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर स्थापित किए। इन केंद्रों के माध्यम से अलीबाबा समेत मुख्यभूमि चीन की कंपनियों को सेवाएं दी जाती थीं।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एलिस हुआंग चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय के लिए काम कर रही थीं। उन पर एनवीडिया की उन्नत एआई तकनीक से संबंधित जानकारी जुटाने और उसे बीजिंग तक पहुंचाने में मदद करने का आरोप है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वाणिज्य विभाग ने चीन से जुड़ी संस्थाओं और सैन्य ठेकेदारों को उन्नत एआई हार्डवेयर निर्यात करने के लाइसेंस मंजूर किए थे।
विवाद के बीच एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने वीडियो संदेश जारी कर मामले पर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने जांच पूरी होने तक कंपनी का नेतृत्व जारी रखने की बात कही है।
इस मामले में अमेरिकी संसद की तीन समितियों के रिपब्लिकन सदस्यों ने भी हुआंग को बंद कमरे में पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच में कंपनी की गोपनीय तकनीक से जुड़ी जानकारी लीक होने की आशंका और एलिस हुआंग के साथ कथित संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved