
भारत दुनिया में दूसरा सबसे संक्रमित देश है और अमेरिका पहला। देश भर में अनलॉक की प्रक्रिया चल रही है वही पश्चिम बंगाल में 1 अक्टूबर से सिनेमाघर खुल जाएंगे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सिनेमा हॉल और ओपन एयर सिनेमाघरों को 1 अक्टूबर से पश्चिम बंगाल में संचालित करने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा अन्य सांस्कृतिक मंडलियों जैसे नाटक, संगीत, नृत्य और जादू शो को भी 1 अक्टूबर से शुरू करने की अनुमित दी गई है। हालांकि सभी को केवल 50 या उससे भी कम लोगों के साथ काम करने की अनुमति होगी। बंगाल में सिनेमाघरों के फिर से संचालन को लेकर ममता बनर्जी ने ट्वीट किया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्विटर पर लिखा-‘सामान्य परिस्थितियों की ओर लौटते हुए जटरास, प्ले, ओएटीज, सिनेमा, म्यूजिकल और डांस कार्यक्रम और मैजिक शो को 1 अक्टूबर से 50 या इससे कम लोगों के साथ खोलने की अनुमति होगी। इस दौरान लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा, मास्क पहनना होगा व अन्य प्रोटोकॉल को फॉलो करना होगा।’
पश्चिम बंगाल देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने थिएटर संचालन को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है। कोरोना को देखते हुए केंद्र सरकार ने मार्च में सिनेमाघरों व अन्य इवेंट्स को बंद करने का आदेश दिया था। तभी से सभी राज्यों में सिनेमा हॉल बंद हैं। देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत में कोरोना वायरस से 59 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं, वहीं अब तक 94 हजार से ज्यादा की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस महमारी के प्रसार को कम करने के लिए मार्च महीने में लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। इसके बाद अनलॉक के माध्यम से देश को पटरी पर लाने की कवायद जारी है। कोरोना संकट के बीच 1 सितंबर से देश में अनलॉक 4.0 की शुरुआत हो चुकी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved