
इन्दौर। तमाम कोशिशें… प्रशिक्षण… जुर्माना और कार्रवाई की चेतावनी के बाद भी सिटी बसों का ढर्रा सुधरने को तैयार नहीं है। दो दिन पहले ही एआईसीटीएसएल में हुई बैठक में यातायात पुलिस के अधिकारियों ने सुपरवाइजरों के साथ ही सिटी बस के चालक, परिचालकों को नियम पालन करने और यलो बॉक्स में ही बसें खड़ी कर सवारियों को बैठाने-उतारने के लिए निर्देशित किया था, लेकिन इसका कोई असर होते नजर नहीं आ रहा है। शहर की तमाम सिटी बसें ना तो ठीक से सिटी बस स्पॉट पर खड़ी होती है और ना ही यलो बॉक्स नियम का पालन कर रही है।
ऐसा ही एक नजारा सुबह एमजी रोड थाना के पास नजर आया, जहां बने यलो बॉक्स से कुछ दूर बीच सडक़ पर एक इलेक्ट्रिक सिटी बस सवारी को बैठाते नजर आई। ये हाल केवल इस सिटी बस या क्षेत्र के नहीं है। शहर में जहां-जहां भी सिटी बसों को रोकने को लेकर जनवरी के पहले सप्ताह में ये यलो बॉक्स बनाए गए हैं, वहां कहीं भी इसका पालन नहीं हो रहा है। बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर रिंग रोड की ओर जाने वाली सिटी बस तो बीच सडक़ पर इस तरह खड़ी होती है कि लेफ्ट टर्न लेकर आने वाले वाहन कई बार उलझ जाते है। इसके साथ ही सिटी बसें पहले की ही तरह तेज गति से शहर की सडक़ों पर दौड़ रही है और रेड लाइट का उल्लंघन भी कर रही है। ना तो सिटी बस प्रबंधन और ना ही यातायात पुलिस इन पर अब कार्रवाई कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved