
जयपुर । जयपुर में शहीद स्मारक पर (At Martyrs’ Memorial in Jaipur) शिक्षा व्यवस्था में विसंगतियों को लेकर (Regarding anomalies in Education System) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अनूठा प्रदर्शन किया (CJP staged unique Protest) ।
देश में लगातार गरमा रहे नीट पेपर लीक मामले, शिक्षा व्यवस्था में विसंगतियों और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर सोमवार को राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के बैनर तले युवाओं ने एक बड़ा और अनूठा प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। हाथों में तिरंगा और नारों की तख्तियां थीं । शहीद स्मारक के गेट पर कॉकरोच का स्केच बनाया था ।
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जयपुर और आस-पास के क्षेत्रों से सैकड़ों युवा अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा तथा विभिन्न मांगों और नारों से लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। युवाओं के पोस्टरों पर ‘मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’ और ‘पेपर लीक बंद करो’ जैसे नारे लिखे हुए थे। इस आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए कई महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ भी शहीद स्मारक पहुंचीं। प्रदर्शन की शुरुआत में संगठन के वॉलंटियर्स ने विरोध का एक नया तरीका अपनाते हुए शहीद स्मारक के मुख्य गेट पर कॉकरोच का एक बड़ा स्केच बनाया और उसके पास दीवारों पर ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के स्लोगन लिखे। गौरतलब है कि सीजेपी के फाउंडर (संस्थापक) अभिजीत दीपके इस आंदोलन की कमान संभालने के लिए रविवार रात को ही जयपुर पहुंच गए थे।
जयपुर पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीजेपी को कुछ बेहद सख्त शर्तों के साथ ही प्रदर्शन की अनुमति दी । सीमित संख्या: प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुसार, धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों की संख्या 800 से अधिक नहीं होने की शर्त रखी गई । कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शहर में कोई भी रैली या जुलूस निकालने और प्रदर्शन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। सुरक्षा के लिहाज से शहीद स्मारक और एमआई रोड के आस-पास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर जयपुर पुलिस के जवानों के साथ-साथ आरएसी की टुकड़ियां और महिला सुरक्षा के लिए ‘निर्भया स्क्वॉड’ की टीमें मुस्तैद हैं।
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस आंदोलन के उद्देश्य को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा “यह केवल किसी एक राजनीतिक या सामाजिक संगठन का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह देश के लाखों पीड़ित छात्रों, युवाओं और उनके चिंतित अभिभावकों के हक की लड़ाई है। भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। जब तक युवाओं को न्याय और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली का भरोसा नहीं मिलता, यह विरोध जारी रहेगा।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved