
देहरादून। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी सोमवार को उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। अपनी इस धार्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने दोनों ही धामों में भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिरों के लिए 5-5 करोड़ रुपये की दान राशि भेंट की।
मुकेश अंबानी का हेलिकॉप्टर सुबह लगभग 10 बजे बद्रीनाथ हेलीपैड पर लैंड हुआ। वहां से करीब 20 मिनट बाद वे भगवान बद्रीविशाल के दरबार में पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दर्शन करने के बाद उन्होंने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की।
केदारनाथ में किया बाबा का जलाभिषेक
बद्रीनाथ में दर्शन के बाद उनका हेलिकॉप्टर सुबह 10:40 बजे केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुआ और करीब 11:15 बजे वहां लैंड हुआ। हेलीपैड से मुकेश अंबानी महज 10 मिनट के भीतर बाबा केदार के मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गर्भगृह में बाबा केदार का जलाभिषेक किया और विशेष पूजा में भाग लिया।
जब मंदिर परिसर में मौजूद आम श्रद्धालुओं ने देश के दिग्गज उद्योगपति को अपने बीच देखा, तो पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा। मुकेश अंबानी ने भी शालीनता से हाथ जोड़कर सभी श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। बाबा केदार के दर्शन और पूजा संपन्न करने के बाद, वे दोपहर करीब 12 बजे सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved