
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) यानी CJP के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के ऐलान के बीच दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने शनिवार, 10 अक्टूबर को पटियाला हाउस और राउज एवेन्यू कोर्ट (Patiala House and Rouse Avenue Courts) में सभी सुनवाइयां केवल वर्चुअल माध्यम से कराने का आदेश दिया है। अदालत की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, 10 अक्टूबर की तारीख पर यदि कोई पक्ष अनुपस्थित रहता है तो कोई प्रतिकूल आदेश नहीं जारी किया जाएगा। विचाराधीन कैदियों की पेशी भी केवल ऑनलाइन होगी। हालांकि अन्य सभी जिला अदालतें सामान्य रूप से खुली रहेंगी।
न्यायिक अधिकारी कर सकते हैं ऑनलाइन सुनवाइयां
हालांकि दिल्ली के सभी 7 जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स खुले रहेंगे। दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी कर निर्देश दिया कि शनिवार 10 अक्टूबर को पटियाला हाउस और राउज एवेन्यू कोर्ट कॉम्प्लेक्स में सभी कार्यवाही वर्चुअल तरीके से की जाएगी। नोटिफिकेशन के अनुसार, इन दोनों ही जिला कोर्ट कॉम्प्लैक्स में जो न्यायिक अधिकारी अपनी संबंधित अदालतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे भी ऑनलाइन सुनवाइयां कर सकते हैं।
पेश नहीं हो पाए तो नहीं जारी होगा प्रतिकूल आदेश
नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया है कि दिल्ली की सभी जिला अदालतों में यदि वादी, वकील, गवाह या प्रतिवादी या आरोपी पेश नहीं होते हैं तो संबंधित मुकदमे में कोई कोई प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं जरूरी मामलों को कम समय के लिए स्थगित किया जाएगा। नोटिफिकेशन में यह भी निर्देश दिया गया है कि विचाराधीन कैदियों को केवल वर्चुअल माध्यम से ही पेश किया जाए।
ट्रैफिक प्रभावित रहने के आसार
इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी की 30 सड़कों और उनके आसपास के मार्गों व फ्लाईओवर पर यातायात प्रभावित रहने की चेतावनी दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि स्थिति के आधार पर 10 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से ट्रैफिक मार्ग डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
इन जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित होने के आसार
एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित होने वाले स्थानों में शंकर रोड-वंदे मातरम टी-प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-प्वाइंट), राम चरण अग्रवाल चौक (आईटीओ), मिंटो रोड-दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक और कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल-चेम्सफोर्ड रोड टी-प्वाइंट शामिल हैं।
इन जगहों पर भी प्रभावित रह सकता है ट्रैफिक
भैरों रोड-एमजीएम (रिंग रोड) टी-प्वाइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोलचक्कर, मदरसा टी-प्वाइंट, सम्राट होटल गोलचक्कर, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस के नीचे, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे, रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग टी-प्वाइंट, अशोक रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर और विंडसर प्लेस गोलचक्कर पर भी ट्रैफिक प्रभावित रहने की आशंका है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved