
नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कहा कि भाजपा-अकाली गठबंधन (BJP-Akali Alliance) हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा (Will become symbol of Hindu-Sikh Brotherhood) ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच गठबंधन की घोषणा की। उन्होंने शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि पंजाब और पूरे देश में यह गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा। गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भाजपा और अकाली दल पंजाब में कई प्रमुख विषयों को लेकर घोषणा पत्र जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब से नशे का उन्मूलन हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा। पंजाब से भ्रष्टाचार का उन्मूलन और राष्ट्रवादी शक्तियों को सशक्त करना भी हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा।
अमित शाह ने घोषणा की कि पंजाब में अकाली दल ‘बड़ा भाई’ रहेगा। उन्होंने कहा, “चुनाव दोनों दल मिलकर लड़ेंगे, लेकिन बड़े भाई की भूमिका में अकाली दल रहेगा और अकाली दल से ही मुख्यमंत्री रहेगा।” शाह ने पंजाब की वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “केजरीवाल, पंजाब में तीन माह में नशा समाप्त करने का वादा देकर आए थे, लेकिन नशा समाप्त नहीं हुआ, बल्कि बढ़ा। पंजाब की वर्तमान सरकार वादाखिलाफी वाली सरकार है। उसने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है। पंजाब की जनता तय करके बैठी है कि जिन्होंने गुरुओं का अपमान किया है, उस सरकार और व्यक्ति को सहन नहीं किया जाएगा।”
अमित शाह ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “2017 में राहुल गांधी ने उस कार्यकाल में नशा समाप्त करने का वादा किया था, लेकिन उनकी पार्टी ने नशे को समाप्त करने के लिए कुछ नहीं किया।” इसके साथ ही, अमित शाह ने वादा किया कि 31 दिसंबर, 2029 तक एनडीए पंजाब को पूर्णतया नशे से मुक्त कर देगा। उन्होंने कहा, “आगामी तीन महीने में पंजाब के किसानों की समस्या, पंजाब के आर्थिक विकास की चिंता और पंजाब के युवाओं के रोजगार की चिंता, इसके बारे में सुखबीर सिंह बादल और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच तीन महीने की लंबी चर्चा के बाद एक रोडमैप बना है। उस रोडमैप पर हमारे एनडीए की बनने वाली सरकार आगे बढ़ेगी।” उन्होंने कहा कि जब भाजपा और अकाली दल साथ आ रहे हैं तो मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का फैसला परिवर्तन लाएगा। मुझे भरोसा है कि पंजाब की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को भारी बहुमत देगी और पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के फैसले का आशीर्वाद देगी।
उधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “पंजाब और देश के हित में एक बहुत बड़ा निर्णय हो रहा है। प्रकाश पर्व के इस अवसर पर पूरे पंजाब में विकास का, न्याय का और सुशासन का प्रकाश फैलेगा। मैं सुखबीर सिंह बादल को और उनकी पार्टी के सदस्यों को शुभकामनाएं देता हूं। आपका एनडीए गठबंधन में शामिल होना हमारी ताकत को बढ़ाएगा।” उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि शिरोमणि अकाली दल के साथ यह गठबंधन, जो हमारे साथ जुड़ रहा है, एक स्वाभाविक गठबंधन है। गठबंधन के सहयोगियों के लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच एक स्वाभाविक जुड़ाव है, जो एक बार फिर एकजुट होकर पंजाब के विकास के लिए आगे बढ़ेंगे। सिख गुरुओं की ओर से दिया गया ‘सबके कल्याण’ का संदेश, और महाराजा रणजीत सिंह की ओर से दिया गया न्याय और सुशासन का संदेश, इन संदेशों को भाजपा और शिरोमणि अकाली दल मिलकर पंजाब में आगे बढ़ाएंगे।”
नितिन नवीन ने कहा कि हिंदू-सिख एकता का मुद्दा सिख गुरुओं की ओर से दिए गए बलिदानों से भी जुड़ा है। 1675 में, गुरु तेग बहादुर जी ने कश्मीरी पंडितों की रक्षा करने और धर्म परिवर्तन को रोकने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। मेरा मानना है कि उनके इसी बलिदान ने उन्हें वह सम्मान और आदर दिलाया है, जो हिंदू-सिख सद्भाव से जुड़ा है। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि आज हम इन संदेशों को समाज और पूरे पंजाब तक पहुंचाएंगे। प्रधानमंत्री जी ने जिस तरह से सिख समुदाय के सम्मान और पंजाब के विकास के लिए लगातार योगदान दिया है, उससे मुझे बहुत भरोसा मिलता है।”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि एनडीए गठबंधन के तहत एक साथ आकर, हम पंजाब के प्रति अपने वादों को पूरा करने की दिशा में काम करेंगे। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में, हमारी सरकार ने पंजाब को नशा-मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। हम एक ऐसी सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो पंजाब के युवाओं को उनके अपने राज्य में ही रोजगार दे, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे, विकास पर ध्यान दे और साथ ही हर आम नागरिक का ख्याल रखे।” इसके साथ ही, नितिन नवीन ने जानकारी दी कि सीट बंटवारे की चर्चा बाद में की जाएगी। उन्होंने आगे कहा, “हम एक साथ आकर यह संदेश साफ तौर पर दे रहे हैं कि हम पंजाब की सेवा के लिए एकजुट हुए हैं।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved