
इंदौर। 1 अक्टूबर को शहर के जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसर और रहवासी संघों के साथ-साथ आम लोग अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई में जुटेंगे। हर बार यह आयोजन 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर किया जाता है, लेकिन विभिन्न कारणों के चलते इसे 1 अक्टूबर को आयोजित किया गया है। सभी झोनलों और रहवासी संघों को इसके लिए सूचना भेजी गई है कि वे 1 अक्टूबर को आयोजित विशेष सफाई अभियान के लिए अपनी तैयारियां जोर-शोर से करें।
इस दिन सुबह 10 से 11 बजे तक कलेक्टर इलैया राजा टी., महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त हर्षिका सिंह से लेकर कई निगम अधिकारी और जनप्रतिनिधि अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था के अभियान में हिस्सा लेंगे। निगम अधिकारियों के मुताबिक एक घंटे तक सफाई अभियान चलेगा और इसके लिए प्रमुख स्थान चयनित किए गए हैं। इस अभियान को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है और व्यापक तैयारियां भी चल रही है। 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया था और यह भी उल्लेखनीय है कि इंदौर 6 बार स्वच्छता का परचम लहरा चुका है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved