
भोपाल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री को बताया कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि विकास को गति देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, मछली पालन और बागवानी सहित करीब 16 विभागों को जोड़कर समन्वित तरीके से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के मार्गदर्शन में किसान, महिला, गरीब और युवा इन चारों वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से किसानों को नई योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए आगे भी इसी दिशा में काम करने का मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश में निवेश, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved