
कैमूर। बिहार (Bihar) के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) बुधवार को हवाई मार्ग से कैमूर पहुंचे, जहां उन्होंने चैनपुर में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद भभुआ के पटेल कॉलेज मैदान में लगे स्टाल का जायजा लिया और जनता से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने लगभग 98 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 178 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। भभुआ स्थित जगजीवन स्टेडियम में पहुंचे मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए जैसे ही सीएम नीतीश कुमार उठे माइक खराब हो गया। जिससे उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। नीतीश कुमार माइक को ठोकते हुए नजर आए। इसके बाद मंच पर मौजूद लोगों ने माइक को ठीक किया। एनडीए कार्यकर्ताओं एवं जीविका दीदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने लालू एवं राबड़ी राज पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार विकास की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। कैमूर जिला के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि 2006 से पहले बिहार में विकास के नाम पर कुछ नहीं था, लेकिन उनकी सरकार के आने के बाद गांव-गली, नाली, रोड और स्वास्थ्य सेवाओं में खास सुधार हुआ है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved