
विधानसभा सत्र के बाद जारी होगी तबादला सूची
इंदौर। अभी विधानसभा (Assembly) का बजट सत्र (Budget Session) चल रहा है, जिसका समापन 6 मार्च को होना है। वहीं दूसरी तरफ मतदाता सूची (voter list) का विशेष गहन पुनरीक्षण भी सम्पन्न हो चुका है, जिसके चलते अब प्रशासकीय उठापटक यानी तबादला सूची (transfer list) जारी होगी, जिसमें कई जिलों के कलेक्टर भी बदले जाएंगे।
चुनाव आयोग ने चूंकि पूरे प्रदेश में एसआईआर करवाया, जिसके चलते प्रशासनिक मशीनरी के तबादलों पर रोक लगी थी। अब प्रशासनिक सर्जरी की तैयारी वल्लभ भवन में चल रही है और कई महत्वपूर्ण तबादले होना हैं, जिसमें पुलिस महकमे के अलावा अन्य विभाग भी शामिल रहेंगे। अभी शासन ने 71 आईएएस अधिकारियों को वरिष्ठ पदों पर प्रमोट किया है। सचिव पद के अलावा अपर सचिव के पद पर प्रमोट होने वाले अधिकारियों में 11 जिलों के कलेक्टर भी शामिल हैं। इंदौर कलेक्टर के अलावा धार, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, सतना, मंडला, सागर, जबलपुर, गुना, पांढुर्ना कलेक्टरों के नाम इसमें शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि कई महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टर बदले जा सकते हैं, जिनमें इंदौर जिला भी संभवत: शामिल हो सकता है। विधानसभा सत्र के बाद भारी-भरकम तबादला सूचियां जारी होंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved