
टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो (Japan’s capital Tokyo) में 16वें पैरालंपिक खेलों (16th Paralympic Games) का मंगलवार को रंगारंग आगाज हो गया है। उद्घाटन समारोह की शुरुआत एक वीडियो के साथ हुई। वीडियो में पैरा खिलाड़ियों की ताकत को दर्शाया गया है। इसके बाद रंगारंग कार्यक्रम पेश किया गया। इस दौरान स्टेडियम के ऊपर आतिशबाजी का शानदार नजारा दिखा।
सबसे पहले मेजबान जापान के राष्ट्रीय ध्वज को स्टेडियम में लाया गया। भारतीय दल ने 17वें नंबर पर अपना मार्च पास्ट निकाला। भाला फेंक खिलाड़ी टेक चंद भारतीय दल के ध्वजवाहक थे।
पैरालंपिक 57 वर्षों के बाद टोक्यो में लौटा है। इसी के साथ टोक्यो दो बार पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने वाला पहला शहर बन गया है।
उल्लेखनीय है कि 24 अगस्त से पांच सितंबर तक चलने वाले पैरालंपिक खेलों में भारत की तरफ से इस बार अब तक का सबसे बड़ा दल हिस्सा ले रहा है। भारत ने नौ अलग-अलग खेलों में कुल 54 खिलाड़ी भेजे हैं। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved