देश

कांग्रेस-अब्दुल्ला-मुफ़्ती ने लूटतंत्र को बढ़ावा दिया: अनुराग ठाकुर

जम्मू । जम्मू कश्मीर डीडीसी चुनावों के प्रभारी अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को कहा कि वर्षों से प्रदेश की सत्ता पर क़ाबिज़ कांग्रेस-अब्दुल्ला -मुफ़्ती परिवार द्वारा प्रदेश में लोकतंत्र नहीं लूटतंत्र को बढ़ावा दिया। उन्होंने इस बुरे दौर के अंत होने व नए जम्मू कश्मीर के उदय की बात भी कही।

अनुराग के साथ लोकसभा सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्य सभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास, पूर्व मंत्री बाली भगत, पूर्व विधायक डॉक्टर कृष्ण लाल तथा अन्य भाजपा नेता भी खौड़, परगवाल में हुई जनसभा में उपस्थित रहे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जम्मू कश्मीर में आगे बढ़ने और दुनिया को राह दिखाने की असीम सम्भावनाएँ हैं। मगर वर्षों से जम्मू कश्मीर की सत्ता पर क़ाबिज़ कांग्रेस  अब्दुल्ला-मुफ़्ती परिवार ने अपने निजी लाभ के लिए प्रदेश में लोकतंत्र नहीं लूटतंत्र को पाला पोसा। दशकों से इन्होंने प्रदेश में आतंकवाद, अलगाववाद व अराजकता को बढ़ावा दिया जिसके चलते ना जाने कितने माँओं की गोद उजड़ गई, कितनी सुहागनों का सिंदूर मिट गया, कितने ही बच्चों के सर से परिवार का साया उड़ गया। गुपकार अपने परिवार के लिए जीते रहे और प्रदेश को छलते रहे लूटते रहे। खुद के बच्चों को विदेशों में पढ़ाया, अपने लिए आलीशान बंगले बनाए, महँगी गाड़ियाँ ख़रीदीं और प्रदेश को नफ़रत, ग़रीबी और सौदेबाज़ी की आग में झोंक दिया। ये सिर्फ़ जम्मू कश्मीर ही नहीं पूरे देश के गुनहगार हैं।

आगे बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकारों ने जम्मू कश्मीर में विकासात्मक कार्यों के लिए कभी धन की कमी आड़े नहीं आने दी मगर ये गुपकार केंद्र से चले पैसे को डकार कर बैठ गये। जम्मू -कश्मीर आज देश का सबसे खुशहाल प्रदेश होता, मगर कांग्रेस-मुफ़्ती-अब्दुल्ला परिवार ने अपनी विलासिता को बनाए रखने के लिए प्रदेश के हितों को ताक पर रख यहाँ लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है। गुपकारों ने बहुत ही सिस्टमैटिक तरीक़े से सिस्टम के साथ मिलकर जम्मू कश्मीर को लूटा है। राजनीतिक दलों की भूमिका लोगों और उनके हितों की सेवा करना है, अब्दुल्ला-मुफ्ती परिवार ने अपने स्वार्थ पूरे किये, व्यक्तिगत लाभ के लिए सार्वजनिक धन का इस्तेमाल किया और अपने परिवार को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी सुविधाओं का दुरुपयोग किया। गुपकार के अत्याचार जम्मू कश्मीर अब और नहीं सहेगा व इन डीडीसी चुनावों में इन्हें सबक सिखाने के लिए यहाँ की जनता तैयार बैठी है। डीडीसी चुनावों में जनता का बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेना इनकी परेशानियों को बढ़ाने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम जम्मू कश्मीर के आखिरी व्यक्ति तक विकास की धारा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। भारतीय जनता पार्टी जम्मू कश्मीर में लूटतंत्र पर लगाम लगा कर लोकतंत्र की बहाली के लिए कृतसंकल्पित है।

Share:

Next Post

 गहलोत मंत्रिमण्डल में कौनसी खरपतवार है जरा प्रकाश डालें: डॉ. पूनियां 

Mon Dec 14 , 2020
जयपुर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कांग्रेस विधायक भरत सिंह कुन्दनपुर द्वारा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखे गये पत्र को लेकर ट्वीट के माध्यम से मुख्यमंत्री गहलोत पर निशाना साधा है। डॉ. पूनियां ने ट्वीट में कहा कि अशोक गहलोत जी मंत्रिमण्डल में ये कौनसी खरपतवार है जरा प्रकाश डालें। […]