
इंदौर। मालवा (Malwa) के साथ-साथ आदिवासी इलाकों में अपना वोट बैंक (Vote Bank) मजबूत करने के लिए कांग्रेस आज से चुनाव प्रचार का आगाज मोहनखेड़ा तीर्थ से करने जा रही है। प्रियंका (Priyanka) की आदिवासी अंचल में अच्छी पकड़ है और पिछली बार के चुनाव में कांग्रेस ने इस क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम कर कई आदिवासी सीटों पर कब्जा किया था। इसी को लेकर आज यहीं से प्रचार की शुरुआत की जा रही है। प्रियंका की सभा को सफल बनाने के लिए आसपास की सभी विधानसभा सीटों से कांग्रेसियों की भीड़ लाई जा रही है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी दोपहर में मोहनखेड़ा में एक बड़ी सभा को संबोधित करने जा रही हैं। सभा में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, राज्यसभा सदस्य दिग्विजयसिंह, महासचिव रणदीपसिंह सुरजेवाला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के प्रदेश के नेता मौजूद रहेंगे। संभाग की 37 विधानसभा सीटों पर यह सभा प्रभाव डालेगी, क्योंकि संभाग में अधिकांश सीटें आदिवासी बहुल हैं और पिछले चुनाव में इन सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया था। कांग्रेस मोहनखेड़ा तीर्थ से अपना चुनाव प्रचार शुरू करना शुभ मानती है। यहां कांग्रेस के कई बड़े नेता भी आ चुके हैं। राहुल गांधी की जब राजनीति में इंट्री हुई थी, तब युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में यहां आए थे। प्रियंका आज कांग्रेस की गारंटी योजना के साथ-साथ भाजपा की प्रदेश सरकार को भी कठघरे में खड़ा करने वाली हैं। आचार संहिता के पहले कांग्रेस की यह आखिरी सभा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved