
इन्दौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा इंदौर सहित पूरे प्रदेश में 1 जनवरी से घर चलो-गांव चलो- बूथ चलो अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान में सक्रियता लाने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त किए गए मध्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र के प्रभारी सचिव अपने क्षेत्र में ही डटे रहेंगे। इसके साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए प्रभारी भी डेढ़ महीने तक अपने प्रभार के क्षेत्र में ही रहेंगे।
यह फैसला हाल ही में हुई मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तृत बैठक में लिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि इस बैठक में यह निश्चित किया गया है कि 1 जनवरी से 15 फरवरी तक हर घर, हर बूथ और हर गांव पर जाने का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में एक तरफ जहां मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के कार्य का परीक्षण किया जाएगा। दूसरी तरफ कांग्रेस की ग्राम पंचायत और वार्ड की कमेटी के गठन की प्रक्रिया को भी शुरू किया जाएगा। यह अभियान 1 जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा।
इस डेढ़ महीने की अवधि में कांग्रेस ने हर घर तक जाकर दस्तक देने का लक्ष्य रखा है। इस बैठक में कांग्रेस को एक बार फिर मैदानी बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। इस कार्य योजना के अनुसार अगले डेढ़ महीने में कांग्रेस के आधार को हर गांव तक विस्तार देने का काम किया जाएगा। यह कार्य योजना तैयार करने से पहले ही कांग्रेस के द्वारा प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। इसके साथ ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा हर दो संभाग के लिए एक प्रभारी सचिव भी नियुक्त कर दिया गया है। अब प्रभारी सचिव और विधानसभा प्रभारी की देखरेख में ही पूरा अभियान का संचालन किया जाएगा।

©2025 Agnibaan , All Rights Reserved