भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भर्ती परीक्षाओं पर कांग्रेस का बड़ा दांव, पटवारी ये बोले…

  • हम बेरोजगारों से एक रुपया भी नहीं लेंगे

भोपाल। मध्यप्रदेश में भर्ती परीक्षाओं के शुल्क को लेकर कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बेरोजगारों से एक रुपया नहीं लेंगे। राजस्थान सरकार बजट में फैसला ले चुकी है। यही फैसला मध्यप्रदेश में भी लेंगे। इससे प्रदेश के 30 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड बेरोजगारों को फायदा मिलेगा। मध्यप्रदेश में इस साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके चलते बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही मैदान में उतर गए हैं। बीजेपी जहां विकास यात्रा निकाल रही है और सीएम शिवराज सिंह चौहान कमलनाथ सरकार के वादों को लेकर सवाल पूछ रहे हैं, तो कांग्रेस नेताओं ने भी मोर्चा संभाला हुआ है। पूर्व सीएम कमलनाथ भी लगातार जुबानी हमले कर रहे हैं। इसी बीच पूर्व मंत्री पटवारी ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल और बेरोजगारों का मुद्दा उठाया है।


व्यापमं का नाम बदलकर अब मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल कर दिया गया है। पटवारी ने कहा कि शिवराज सरकार बेरोजगारों से फीस लेना बंद करें। हम इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री से लिखित में मांग कर चुके हैं तो विधानसभा में भी मुद्दा उठा चुके हैं। बावजूद सरकार बेरोजगारों से फीस वसूल रही है, जो गलत है। जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही भर्ती परीक्षा शुल्क माफ होगा। कल राजस्थान सरकार का बजट आया है। जिसमें युवाओं से कोई भर्ती परीक्षा शुल्क नहीं लिए जाने का फैसला लिया गया है। इससे राजस्थान के 40 लाख युवाओं को फायदा मिलेगा। हम भी यह मांग प्रदेश में उठा रहे हैं, लेकिन फैसला नहीं लिया जा रहा है। मध्यप्रदेश के पास 500 करोड़ रुपए की एफडी है, जो बेरोजगारों के रुपए है। यह राशि उसी व्यापमं के पास है, जिस पर पेपर लीक समेत कई आरोप लगे हैं और प्रदेश कलंकित हुआ है। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनते ही फैसला लेंगे। बेरोजगारों से एक रुपया भी नहीं लिया जाएगा।

Share:

Next Post

बीहड़ के रास्ते कांग्रेस को सत्तारुढ़ होने की उम्मीद

Sun Feb 12 , 2023
ग्वालियर-चंबल अंचल की सभी सीटें जीतने की रणनीति भोपाल। अपनों की बगावत के बाद सत्ता गंवाने वाली कांग्रेस इस बार बीहड़ के रास्ते सरकार बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी की कोशिश है कि ग्वालियर-चंबल अंचल में आने वाली सभी 34 सीटों को जीता जाए। इसके लिए पार्टी ने अपना पूरा फोकस […]