बड़ी खबर

कोरोना अपडेटः देश में 70 लाख के पार हुए संक्रमित, अब तक 1 लाख से ऊपर मौत


नई दिल्ली। भारत में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 70 लाख के पार पहुंच गई है। इनमें से एक लाख 8 हजार 334 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं रिकवरी मामलों की संख्या 60 लाख से ज्यादा हो गई है और एक्टिव केस की संख्या घटकर 8 लाख 67 हजार पर आ गई है। संक्रमण के एक्टिव केस की संख्या की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या छह गुना से ज्यादा है। देश में लगातार तीन हफ्तों से नए रिकवरी केसों की संख्या, नए कोरोना केसों से ज्यादा आ रहे है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में 74,383 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए और 89,154 मरीज ठीक भी हुए हैं। हालांकि 918 मरीजों की जान भी चली गई। एक्टिव मामलों के 61% इन 5 राज्यों (महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु) में रिकॉर्ड किए गए हैं और कुल रिकवरी मामलों के 54.3% भी इन 5 राज्यों में रिकॉर्ड किए गए हैं। ICMR के मुताबिक, 10 अक्टूबर तक कोरोना वायरस के कुल 8 करोड़ 68 लाख सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख सैंपल की टेस्टिंग कल की गई। पॉजिटिविटी रेट करीब सात फीसदी है।

सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में एक्टिव केस
देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। मौत के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत का नंबर है।

राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.53% हो गई. इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 13% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 86% पर है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।

 

Share:

Next Post

व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद अमेरिकन राष्‍ट्रपति ट्रंप पहली बार आए बाहर

Sun Oct 11 , 2020
वाशिंगटन । वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से संक्रमित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस पहुंचने के कुछ दिन बाद शनिवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए। ट्रंप कोरोना के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे और व्हाइट हाउस लौटने के बाद उन्होंने हाउस की ट्रूमैन बालकनी से अपने हजारों समर्थकों को संबोधित […]