विदेश

चीन में ऑक्सीजन लगवा कर व्हीलचेयर पर इलाज करा रहे कोविड के मरीज

बीजिंग। चीन में कोविड-19 से हालात बेकाबू हो गए हैं। आलम यह है कि लगातार बढ़ते मामलों की वजह से राजधानी बीजिंग के अस्पताल में बिस्तरों का टोटा पड़ गया है। इसके कारण कोरोना के गंभीर मरीजों को कॉरिडोर में ही स्ट्रेचर व व्हीलचेयर पर इलाज करवाना पड़ रहा है। इनमें ज्यादातर बुजुर्ग हैं और उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

चीन ने कई बार कहने के बाद बृहस्पतिवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) को अस्पतालों में भर्ती नए कोरोना मरीजों का आंकड़ा उपलब्ध कराया है। इसके मुताबिक, चीन में एक जनवरी को समाप्त सप्ताह में 22,416 नए कोरोना मरीज अस्पताल में भर्ती हुए, जबकि पिछले हफ्ते यह आंकड़ा 15,161 था। दिसंबर के शुरुआती सप्ताह में 29,000 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

वियतनाम : दो उपप्रधानमंत्री मतदान के बाद पद से हटाए
वियतनाम की विधायी संस्था नेशनल असेंबली ने बृहस्पतिवार को मतदान के जरिये दो उप प्रधानमंत्रियों को उनके पदों से हटा दिया। फाम बिन्ह मिन्ह और वु डक डैम को हटाने के संसद के फैसले का कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है, लेकिन यह कदम ऐसे समय में आया है, जब कम्युनिस्ट शासित देश भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई तेज कर रहा है।


कॉल सेंटर घोटाले में भारतीय को 29 महीने की सजा
कॉल सेंटर घोटाले में शामिल होने के आरोप में एक भारतीय नागरिक को 29 महीने के कारावास की सजा सुनाई गई है। मोइन इदरीशभाई पिंजारा ने 30 नवंबर को अपना गुनाह कबूल कर लिया था। सजा पूरी होने के बाद उसे निष्कासित किया जा सकता है। पिंजारा दिसंबर 2019 और जुलाई 2020 के बीच एक भारत आधारित कॉल सेंटर घोटाले में शामिल था। ये कॉलर अमेरिका में लोगों को फोन करके अलग-अलग बहाने से पैसे ठगा करते थे।

वेटिकन सिटी: बेनेडिक्ट 16 को अंतिम विदाई
पोप बेनेडिक्ट 16 का बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार किया गया। पोप फ्रांसिस सेवा की अध्यक्षता करने के लिए व्हीलचेयर पर पहुंचे। दुनियाभर के पादरी, कुछ देशों के राष्ट्राध्यक्ष और हजारों लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए। गत शनिवार को वेटिकन सिटी में बेनेडिक्ट का निधन हो गया था। वह 600 वर्ष में इस्तीफा देने वाले पहले पोप थे।

Share:

Next Post

अमेरिका में स्पीकर चुनाव पर ऐतिहासिक संघर्ष, 11 बार हो चुका मतदान, 164 वर्षों में पहली बार...

Fri Jan 6 , 2023
वॉशिंगटन। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के स्पीकर के चुनाव में इस बार जबर्दस्त टसल चल रही है। तीन दिन में 11 बार मतदान कराया जा चुका है, लेकिन किसी भी प्रत्याशी को बहुमत नहीं मिल रहा है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन सदन की कार्रवाई इसी कारण स्थगित करना पड़ी। वर्तमान स्पीकर नैंसी पेलोसी द्वारा पद […]