
जबलपुर। बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने शुक्रवार को शहर में व्यापक कार्रवाई की। कंपनी ने एक ही दिन में 417 बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 1.74 करोड़ रुपये की बकाया राशि को निशाने पर लिया। अभियान के दौरान मौके पर ही लगभग 27 लाख रुपये की वसूली की गई। कार्रवाई के दौरान कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि कुछ स्थानों पर केबल भी जब्त की गई। कंपनी ने शहर के सभी संभागों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के टॉप-20 बड़े बकायादारों की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर बकाया वसूली का अभियान चलाया। प्रेमसागर फीडर क्षेत्र में भी कई बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
लाखों के बकाये पर काटी बिजली
अधीक्षण यंत्री सिटी संजय अरोरा के अनुसार, प्रेमसागर फीडर क्षेत्र में आईवीआरएस क्रमांक 1816000626 पर 2.14 लाख रुपये बकाया होने पर सीधे पोल से बिजली लाइन विच्छेदित की गई। मोहम्मद अमजद मंसूरी पर 3.36 लाख रुपये और लक्ष्मण समुद्रे पर 1.46 लाख रुपये बकाया होने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। इसी तरह नारायण राव पर 1.14 लाख रुपये, मेसर्स देव ग्रेशिया पैरेंट्रल पर 1.04 लाख रुपये और रामसुख यादव पर 92 हजार रुपये की बकाया राशि होने पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। अभियान में मोहम्मद जावेद, रितेश कुमार बेन, राजकुमार, बजमा बी, संतोष चौधरी और गीता सहित अन्य बकायादारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
दूसरे कनेक्शन से बिजली जलाने का मामला भी आया
अभियान के दौरान ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें पुराने कनेक्शन काटे जाने के बाद उपभोक्ता दूसरे कनेक्शन से अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। रितेश कुमार बेन पर 66,293 रुपये बकाया होने के बावजूद राजकुमार के दूसरे कनेक्शन से बिजली उपयोग करने का मामला सामने आया। इसी प्रकार संतोष चौधरी पर 85,435 रुपये बकाया होने के साथ गीता के कनेक्शन से बिजली जलाने की जानकारी मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर इन कनेक्शनों को भी विच्छेदित किया। बजमा बी पर 53,999 रुपये बकाया होने पर स्थायी विच्छेदन की कार्रवाई की गई, जबकि 48,955 रुपये बकाया वाले एक अन्य उपभोक्ता की केबल जब्त की गई। एक अन्य मामले में 1.68 लाख रुपये के बकायादार द्वारा दोबारा बिजली लाइन जोडऩे पर टीम ने केबल काटकर हटा दी।
दोबारा लाइन जोड़ी तो दर्ज होगी एफआईआर
बिजली कंपनी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बकाया राशि के चलते विच्छेदित किए गए कनेक्शन को बिना अनुमति दोबारा जोडऩा नियमों का उल्लंघन है। ऐसा करने वालों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कंपनी का कहना है कि बड़े बकायादारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया वसूली में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved