बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

मलैया के बिना अधूरा है दमोह, उनके कार्यकाल में अर्जित की सिंचाई में अभूतपूर्व उपलब्धि : शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि पूर्व मंत्री जयंत मलैया (Former Minister Jayant Malaiya) के कार्यकाल में मध्यप्रदेश ने सिंचाई क्षेत्र (Madhya Pradesh Irrigation Area) में अभूतपूर्व उपलब्धि अर्जित की। उन्हें मंत्रीमंडल में जो भी कार्य सौंपे गये, उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ पूर्ण किये। वित्त मंत्री, नगरीय विकास मंत्री और सिंचाई मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल उपलब्धि भरा रहा है।

मुख्यमंत्री चौहान रविवार को दमोह जिले के एकलव्य विश्वविद्यालय परिसर में पूर्व मंत्री जयंत मलैया के अमृत महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सच है कि जयंत मलैया के बिना दमोह अधूरा है। वे एक ऐसा व्यक्तित्व है, जिन्होंने सभी का मन जीत लिया। उन्होंने मध्यप्रदेश की बेहतर सेवा की है, वे इसी प्रकार आगे भी काम करते रहे। मुख्यमंत्री ने मलैया को उनके जीवन के 75 वर्ष पूर्ण होने पर सुखी, निरोगी और स्वस्थ जीवन के लिये शुभकामनाएँ दी। उन्होंने मलैया पर केन्द्रित पुस्तक “जय यात्रा” का विमोचन भी किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मलैया बेहद सहज, सरल, शिष्ट और शालीन व्यक्ति हैं। उनके द्वारा की गई मध्यप्रदेश की सेवा के लिये प्रदेश की जनता की ओर से मैं उन्हें धन्यवाद देता हूँ। यदि कोई कार्य महत्वपूर्ण और गंभीर हो तो उसे सौंपने के लिये एक ही व्यक्ति का चेहरा सामने आता है, वह जयंत मलैया हैं। उन्हें मंत्रीमण्डल में जिस भी विभाग के कार्य सौंपे गये, उन्होंने कुशलता के साथ पूरे किये।

चौहान ने कहा कि मलैया मित्रता और शत्रुता, सुख-दुख और मान-अपमान सभी में समान रहते है। जो दूसरों को जीते वह वीर, जो अपने आप को जीते वह महावीर, जो महावीर वो जितेन्द्रिय, जो जितेन्द्रिय वह जिन और जो जिन वही जैन और वही जयंत है ऐसे है हमारे जयंत मलैया। उन्होंने सभी कार्य पूरी तन्मयता और बेहतर ढंग से किये।

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने जीवन के 75 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएँ देते हुए मलैया को एक कुशल और जिम्मेदारी से कार्य करने वाला जननायक बताया, जो हमेशा जनता की सुख-दुख की चिंता करता है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मलैया ने लोगों को आदर्श नेतृत्व दिया। वे एक सफल कार्यकर्ता, नेता, प्रशासक और मिलनसार व्यक्ति हैं। उन्हें जो भी दायित्व मिले उसका पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। उनका अमृत महोत्सव पर हार्दिक अभिनंदन और स्वागत है।

केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि यदि किसी में पीढ़ी के अंतर को खत्म करने की कूवत है, तो वह मलैया जी में है। उनकी मित्रता जिससे है, उसके लिये वे कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहते है।

लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि आज अत्यंत खुशी का दिन है कि हम आज अमृत महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल हुए। मलैया से उनका संबंध 50 साल पुराना है और अनेक यादे जुड़ी हुई हैं। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने मलैया को अमृत महोत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद हमेशा मिलता रहेगा।

सांसद वीडी शर्मा ने जन्म-दिन की शुभकामनाएँ देते हुए मलैया को सहज, सरल व्यक्तित्व का धनी बताया, जिसने हमेशा बुंदेलखंड और प्रदेश में विकास के लिये कार्य किया। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत और विनोद गोटिया सहित अनेक जन-प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने सभी का आभार माना। कार्यक्रम में विधायक, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

जनजातियों के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

Mon Dec 12 , 2022
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा है कि वनवासी कल्याण परिषद (Vanvasi Kalyan Parishad) और आश्रम जनजातियों के लिए अदभुत कार्य (amazing work for tribes) कर रहा है। जनजातीय समाज हमारा अभिन्न अंग है। यह अदभुत समाज है। मुख्यमंत्री श्री चौहान वनवासी कल्याण परिषद, भोपाल के एम पी नगर […]