img-fluid

शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की तारीख आई सामने, 16 दिसंबर को लौटने की जताई इच्छा

November 24, 2026

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) की स्वदेश वापसी (Return to the Homeland) को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। उनके प्रवक्ता के मुताबिक, हसीना 16 दिसंबर को भारत से ढाका लौटना चाहती हैं। उन्होंने वापसी के लिए बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस (Bangladesh Airlines) से यात्रा की व्यवस्था करने की इच्छा जताई है। हालांकि, इस संबंध में बांग्लादेश सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

रॉयटर्स से बातचीत में हसीना के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने उनकी वापसी की योजना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बांग्लादेश सरकार को सूचित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश विजय दिवस मनाता है। इसी दिन 1971 में पाकिस्तान से मुक्ति के बाद देश स्वतंत्र हुआ था।

विजय दिवस पर लौटने की इच्छा

प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने कहा कि शेख हसीना पांच अगस्त 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत आई थीं। अब वह सरकार से दिल्ली से ढाका वापसी के लिए हवाई यात्रा की व्यवस्था करने की अपील कर रही हैं। उनके मुताबिक, सरकार का दायित्व है कि वह विजय दिवस के अवसर पर हसीना की स्वदेश वापसी का रास्ता साफ करे।

नागरिक के रूप में लौटकर मुकदमे का करना चाहती हैं सामना

शेख हसीना बांग्लादेश की नागरिक के रूप में स्वदेश लौटना चाहती हैं और अपने खिलाफ चल रहे मुकदमों का सामना करने की इच्छा जता चुकी हैं। इसके लिए उन्होंने पहचान पत्र और पासपोर्ट जारी करने की मांग भी की है। हालांकि, बांग्लादेश सरकार का रुख इससे अलग है। ढाका चाहता है कि हसीना को आम यात्री के रूप में लौटने की अनुमति देने के बजाय भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस लाया जाए।

गौरतलब है कि नवंबर 2025 में बांग्लादेश की एक अदालत ने 2024 में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया था। हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।

अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी और उन्हें देश छोड़कर भारत आना पड़ा था। इसके बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने उनका पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया था।

बांग्लादेश में जारी है हिंसा

इस बीच बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में नवंबर की शुरुआत से हिंसा और राजनीतिक झड़पों का दौर जारी है। अब तक चार लोगों की मौत होने की खबर है। आवामी लीग और बीएनपी समर्थकों के बीच भी टकराव की घटनाएं सामने आई हैं। इससे देश की राजनीतिक स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। उधर, भारत ने बांग्लादेश में जारी हिंसा पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved