

सीहोर। जिला जेल में पदस्थ प्रहरी अजय पठारिया की ड्यूटी जॉइन करने से पहले ही मौत हो गई। बुधवार को उनका शव जमोनिया तालाब से लगभग 18 घंटे की सर्चिंग के बाद बरामद किया गया।
अजय पठारिया पिछले तीन दिनों से छुट्टी पर थे और बुधवार को उन्हें वापस जेल ड्यूटी जॉइन करनी थी, लेकिन इससे पहले यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
जानकारी के अनुसार, अजय पठारिया साल 2022 में सीहोर जिला जेल में पदस्थ हुए थे। मंगलवार शाम करीब 5 बजे वे पुलिस लाइन में पदस्थ एक महिला आरक्षक के साथ जमोनिया तालाब पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों तालाब किनारे बातचीत कर रहे थे और इसी दौरान तैरने और पानी में उतरने को लेकर मजाक के बीच अजय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
सुबह फिर शुरू हुआ रेस्क्यू, SDRF ने निकाला शव
मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार देर शाम स्थानीय गोताखोरों और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रोकना पड़ा।
बुधवार सुबह 7 बजे से SDRF और होमगार्ड टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू किया। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे गहरे पानी से शव बरामद किया गया।
घटना की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
जेल प्रशासन ने कहा कि अजय पठारिया एक अनुशासित और सक्रिय प्रहरी थे, जिनकी अकस्मात मृत्यु सभी के लिए दुखद है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved