img-fluid

तमिलनाडु में सरकार गठन का रास्ता साफ, विजय को राज्यपाल से मिली हरी झंडी

May 09, 2026

नई दिल्ली: तमिलनाडु (Tamil Nadu) में अभिनेता से राजनेता बने विजय (Vijay) के मुख्यमंत्री बनने और सरकार गठन का रास्ता शनिवार को पूरी तरह साफ हो गया है. वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) ने उनकी पार्टी टीवीके (TVK) को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया. दोनों दलों के पास 2-2 विधायक हैं. अब विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन है. तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी.

विजय ने शनिवार शाम तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करके उन्हें 120 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा. इसके बाद राज्यपाल ने विजय की पार्टी टीवीके को तमिलनाडु में सरकार गठन की हरी झंडी दे दी. इसके साथ ही चार दिनों से जारी राजनीतिक असमंजस खत्म हो गया. तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके के नेतृत्व वाली नई सरकार का शपथ ग्रहण कल होगा. राज्यपाल ने नामित मुख्यमंत्री विजय को 13 मई 2026 या उससे पहले विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है.

अभिनेता से राजनेता बने विजय कल सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. सूत्रों के मुताबिक, विजय शपथ ग्रहण का समय बदलवाना चाहते थे, लेकिन उनके ज्योतिषी ने सुबह 10 बजे का समय शुभ बताया. बताया जा रहा है कि इसी वजह से राज्यपाल के साथ उनकी बैठक करीब दो घंटे तक चली. इस दौरान विजय लगातार अपने ज्योतिषी से फोन पर संपर्क में थे. इससे पहले विजय लगातार तीन दिनों तक राज्यपाल से मुलाकात के बावजूद सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन नहीं दिखा पाए थे. बहुमत के लिए विधायकों की संख्या पूरी नहीं होने के चलते उन्हें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की ओर सरकार गठन का न्योता नहीं मिला था.


  • तमिलनाडु में TVK बनी सबसे बड़ी पार्टी
    दो साल पुरानी विजय की टीवीके ने इस चुनाव में डीएमके और एआईएडीएमके जैसी द्रविड़ राजनीति के धुरंधरों को पीछे छोड़ते हुए 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने में सफलता हासिल की. हालांकि, विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक छोड़नी होगी, इसलिए पार्टी के विधायकों की वास्तविक संख्या 107 है.

    डीएमके साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने 5 सीटें जीतीं. त​मिलनाडु चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस डीएमके से अलग होकर, टीवीके को समर्थन देने वाली पहली पार्टी बनी थी. वामदलों ने भी अपने चार विधायकों के साथ विजय को समर्थन देने का ऐलान किया है. अब वीसीके और आईयूएमएल के जुड़ने से टीवीके बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है. बता दें कि 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है.

    विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन
    टीवीके के 107, कांग्रेस के 5, वामदलों के 4 और वीसीके-आईयूएमएल के 2-2 विधायकों के समर्थन से विजय के पास अब 120 विधायकों का समर्थन है, जो बहुमत के आंकड़े से 2 ज्यादा है. वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन इस बात से नाराज थे कि विजय ने व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने के बजाय व्हाट्सऐप संदेश के जरिए समर्थन मांगा था. आईयूएमएल ने भी शुरुआत में सख्त रुख अपनाते हुए खुद को डीएमके के साथ बताया था. लेकिन शनिवार सुबह टीवीके नेताओं की वीसीके और आईयूएमएल नेतृत्व से मुलाकात के बाद स्थिति बदल गई.

    वीसीके ने भले ही बिना शर्त समर्थन दिया हो, लेकिन पार्टी नेता वन्नी अरसु ने स्थानीय मीडिया से कहा कि सरकार में शामिल होने को लेकर फैसला बाद में लिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी चाहती है कि विजय द्वारा खाली की जाने वाली सीट से थोल थिरुमावलवन चुनाव लड़ें और आगे चलकर उपमुख्यमंत्री बनें.

    Share:

  • क्रूज शिप से यूरोप तक पहुंचा हंटावायरस, अलर्ट पर स्वास्थ्य एजेंसियां

    Sat May 9 , 2026
    नई दिल्ली। डच क्रूज शिप एमवी होंडियस (Dutch cruise ship MV Hondius) से शुरू हुआ हंटावायरस संक्रमण (Hantavirus infection) अब यूरोप और दक्षिण अटलांटिक (Europe and the South Atlantic) के दूरदराज इलाकों तक पहुंच गया है। स्पेन और ब्रिटेन के अधीन ट्रिस्टन दा कुन्हा द्वीप पर दो नए संदिग्ध मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य एजेंसियां […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved