
बैतूल। मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बड़ा बयान सामने आया है। खंडेलवाल ने खरीदी में हो रही देरी को लेकर स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का भी इसका असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण कच्चे माल की आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे बोरियों और अन्य जरूरी संसाधनों की कमी सामने आई। यही वजह रही कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी समय पर शुरू नहीं हो सकी।
हालांकि उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसानों की एक-एक दाना फसल समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। व्यवस्थाएं तेजी से सुधारी जा रही हैं और आने वाले कुछ दिनों में तय समय सीमा के भीतर खरीदी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
वहीं, प्रदेश के कई जिलों में किसान खरीदी में देरी को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। मंडियों में गेहूं की आवक बढ़ रही है, लेकिन खरीदी केंद्रों पर सुस्त रफ्तार और व्यवस्थाओं की कमी से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि सरकार कितनी जल्दी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर किसानों को राहत देती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved