
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने सड़क हादसों (Road Accidents) में तेजी से मदद और पीड़ितों के जीवन की रक्षा के लिए ‘राह-वीर योजना’ (Rah-Veer Scheme) शुरू की है। इस योजना के तहत, जो भी नागरिक किसी गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुँचाएगा, उसे ₹25,000 कैश प्राइज और एक एप्रीसिएशन लेटर मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह पहल समाज में मददगार और अच्छे काम करने वालों का मनोबल बढ़ाने के लिए की गई है।
‘गोल्डन आवर’ में जीवन बचाना है मकसद
इस योजना का सबसे बड़ा उद्देश्य एक्सीडेंट के तुरंत बाद आने वाले शुरुआती समय, जिसे ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है, का सही इस्तेमाल करना है। विशेषज्ञों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद घायल को चिकित्सा सहायता मिल जाए तो जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। सरकार चाहती है कि लोग कानूनी डर या पुलिसिया कार्रवाई की चिंता छोड़कर मानवीय आधार पर मदद के लिए आगे आएं।
ईनाम और राष्ट्रीय सम्मान का प्रावधान
राह-वीर योजना के नियमों के अनुसार, एक ही एक्सीडेंट में एक से अधिक पीड़ितों की मदद करने पर भी अधिकतम ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि ही दी जाएगी। इसके अलावा, सालभर में चुने गए 10 सर्वश्रेष्ठ मददगारों को ₹1 लाख का विशेष राष्ट्रीय पुरस्कार और सम्मान प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
कानूनी डर को खत्म करने की पहल
यह योजना सिर्फ वित्तीय प्रोत्साहन ही नहीं देती, बल्कि यह समाज को संदेश देती है कि एक्सीडेंट पीड़ितों की मदद करना अब किसी कानूनी जोखिम का कारण नहीं बनेगा। अक्सर लोग पूछताछ और अदालती प्रक्रियाओं के डर से मदद करने से कतराते हैं, लेकिन राह-वीर योजना सुनिश्चित करती है कि मददगारों को समाज के रक्षक के रूप में सम्मानित किया जाएगा। इस योजना से न केवल एक्सीडेंट पीड़ितों की जान बचाने में मदद मिलेगी, बल्कि समाज में इंसानियत और आपसी सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved